'बिस्मिल्लाह' बोलकर ईशान किशन ने दिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में जवाब, श्रेयस-अभिषेक हुए हैरान, देखें VIDEO
दिल्ली में भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज चल रही है. मैदान पर दोनों टीमें आमने-सामने हैं, लेकिन मैदान के बाहर दोनों देशों के क्रिकेटरों के बीच दोस्ती और सम्मान का रिश्ता भी खूब देखने को मिल रहा है. इसी की एक झलक तब मिली, जब ईशान किशन से अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के जुनून के बारे में सवाल पूछा गया.
सवाल था कि अफगानिस्तान के खिलाड़ियों का जुनून उन्हें सबसे ज्यादा क्या प्रभावित करता है? ईशान किशन ने अपना जवाब शुरू किया- "Firstly, Bismillah ir-Rahman ir-Rahim (पहले तो बिस्मिल्लाह इर-रहमान इर-रहीम) इसके बाद उन्होंने अफगानिस्तान की टीम और उसके खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की. इस दौरान ईशान के करीब अभिशेक शर्मा और टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर भी थे, उनका रिएक्शन देखने लायक था.
IPL ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को करीब लाया ईशान किशन ने कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना हमेशा मजेदार रहता है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि दोनों टीमों के कई खिलाड़ी IPL में एक साथ खेल चुके हैं. इस वजह से उनके बीच मैदान के बाहर भी अच्छी बॉन्डिंग है.
किशन ने कहा कि वे अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को जानते हैं और जानते हैं कि वे कितने शानदार इंसान हैं. उनके मुताबिक, अफगानिस्तान के खिलाड़ियों से हमेशा कुछ न कुछ सीखने को मिलता है.
नबी भाई से मिली बल्लेबाजी की सीख ईशान किशन ने खास तौर पर मोहम्मद नबी का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वह मुंबई इंडियंस (MI) में नबी के साथ खेल चुके हैं और नबी ने बल्लेबाजी के दौरान उनकी काफी मदद की थी.
#WATCH | Delhi | Indian Cricketer Ishan Kishan says, "It is always enjoyable playing against them (Afghanistan) because many of us have also played together in the IPL, and we know what wonderful human beings they are. There is always something to learn from them. In particular,… pic.twitter.com/szFceeypS7
किशन के मुताबिक, नबी बल्लेबाजी से जुड़े सेशन के दौरान उन्हें कई अहम बातें बताते थे. खासकर अलग-अलग गेंदबाजों के खिलाफ किस तरह प्लानिंग करनी है और रणनीति (Strategy) कैसे बनानी है, इस पर नबी उनके साथ अपने अनुभव साझा करते थे. किशन ने कहा कि नबी भाई ने उनकी काफी मदद की और उनके साथ खेलने से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला.
अफगानिस्तान की इस खूबी ने किया प्रभावित ईशान किशन के मुताबिक, अफगानिस्तान की टीम की सबसे प्रभावशाली बात उसका हंगर और डिटरमिनेशन (भूख और दृढ़ संकल्प) है. उन्होंने कहा कि जब भी भारत का सामना अफगानिस्तान से होता है, उनके खिलाड़ियों के अंदर विकेट लेने और मुकाबला करने की जबरदस्त इच्छा दिखाई देती है. वे हर वक्त उच्च स्तर (Highest Level) पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार नजर आते हैं.
अफगान बोर्ड ने दिया खास डिनर ईशान किशन की ये बातें उस समय सामने आईं, जब सितंबर 2026 की टी20 सीरीज के दौरान अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने भारतीय टीम के लिए दिल्ली में एक खास डिनर का आयोजन किया. भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज खेली जा रही है और इस आयोजन में दोनों टीमों के बीच मैदान से बाहर की दोस्ती भी देखने को मिली.
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले खेले जा चुके थे और भारत दोनों मैचों में शानदार जीत दर्ज कर चुका था. इन दोनों जीत में ईशान किशन ने भी अहम योगदान दिया.
अब दोनों टीमें सीरीज के तीसरे टी20 इंटरनेशनल में इसी मैदान पर आमने-सामने हैं. सीरीज के दौरान ईशान के बयान ने यह भी दिखाया कि IPL किस तरह अलग-अलग देशों के खिलाड़ियों के बीच मैदान से बाहर मजबूत रिश्ते बनाने का जरिया बना है.