फ्लाईदुबई के को-पायलट को UAE को सौंपा गया, कप्तान पर हमले और विमान क्रैश की कोशिश की जांच हुई तेज
सऊदी अरब ने फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के ओमानी को-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात के हवाले कर दिया है. आरोप है कि इस कोपायलट ने उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन पर हमला किया और विमान को क्रैश कराने की कोशिश की. विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था, लेकिन बुधवार को उसे सऊदी शहर तबूक में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. सऊदी गृह मंत्रालय की शुरुआती जांच में सामने आया है कि को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया था. दोनों पायलटों का अस्पताल में इलाज हुआ और गुरुवार सुबह वे अबू धाबी के लिए रवाना हुए. यूएई ने भी जांच शुरू कर दी है, जबकि भारत के राजदूत ने घायल कैप्टन से अस्पताल में मुलाकात की. यह मामला फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 से जुड़ा है. यह विमान यात्रियों को लेकर दुबई से तेल अवीव जा रहा था. बुधवार को उड़ान के दौरान कॉकपिट में पायलटों के बीच जोरदार झगड़ा हो गया. इस लड़ाई में विमान के कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए. आरोप है कि ओमान के रहने वाले को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया. जांच एजेंसियां अब यह भी देख रही हैं कि क्या को-पायलट ने जानबूझकर विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने या उसे क्रैश करने की कोशिश की थी.
झगड़े के बाद विमान को सऊदी अरब के शहर तबूक की तरफ मोड़ दिया गया. विमान वहां सुरक्षित उतर गया. लैंडिंग के बाद सऊदी अधिकारियों ने ओमानी को-पायलट को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू की. बाद में उसे यूएई के अधिकारियों को सौंप दिया गया.
यह भी पढ़ें: 'हमलावर को-पायलट के तार ईरान से जुड़े होने के संकेत, जांच जारी!', फ्लाईदुबई कॉकपिट हमले पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा
सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि उड़ान के दौरान कोपायलट ने कैप्टन पर हमला किया था. यह शुरुआती जांच यूएई की सुरक्षा टीमों के साथ मिलकर की गई. मंत्रालय के मुताबिक दोनों पायलटों को चोटें आई थीं और अस्पताल में उनका इलाज हुआ. मेडिकल जांच में फिट पाए जाने के बाद दोनों गुरुवार सुबह अबू धाबी के लिए रवाना हो गए.
यूएई ने भी इस घटना की अपनी जांच शुरू कर दी है. वहां की न्यायिक एजेंसियां कॉकपिट में हुए झगड़े के हालात की पड़ताल करेंगी और यह पता लगाएंगी कि किस वजह से विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह इस घटना पर करीबी नजर रखे हुए है और मामले की जांच न्यायिक अधिकारी करेंगे.
भारतीय दूतावास के मुताबिक यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल जाकर कैप्टन मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की. दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि कैप्टन की सेहत ठीक है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं. दूतावास ने यह भी कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में बना हुआ है ताकि कैप्टन को लगातार इलाज और देखभाल मिलती रहे.
फिलहाल जांच एजेंसियां यह समझने में जुटी हैं कि कॉकपिट में क्या हुआ था.


