चार साल से कम में खेल खत्म... TESLA बंद करेगी Cybertruck का प्रोडक्शन
टेस्ला साइबरट्रक उन चुनिंदा गाड़ियों में शामिल है, जो सड़कों से ज्यादा इंटरनेट पर दिखती है. कंपनी ने कन्फर्म किया है कि 2027 में साइबरट्रक (Tesla Cybertruck) का प्रोडक्शन टेक्सास गीगाफैक्टरी में बंद होगा. कंपनी के सीईओ एलॉन मस्क ने टेस्ला साइबरट्रक का प्रोडक्शन बंद होने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है.
साइबरट्रक को लेकर कंपनी का ये फैसला प्रोडक्शन शुरू होने के महज तीन सालों में आया है. कंपनी ने इसका प्रोडक्शन 2023 में शुरू किया था. वहीं सात महीने पहले ही कंपनी ने मॉडल एस और मॉडल एक्स को भी डिस्कंटीन्यू किया है. आइए जानते हैं टेस्ला ये फैसला क्यों ले रही है.
टेस्ला ने साइबरट्रक का कॉन्सेप्ट साल 2019 में पेश किया था. उस वक्त कंपनी का प्लान था कि कार का प्रोडक्शन 2021 में शुरू होगा. लेकिन कई वजहों से देरी होने के बाद टेस्ला ने टेक्सास गीगाफैक्टरी में इसका प्रोडक्शन शुरू किया और 2023 में ये इलेक्ट्रिक ट्रक सेल पर आया.
टेस्ला ने साइबरट्रक को अपने फ्लैगशिप प्रोडक्ट के तौर पर पेश किया था. इसका सीधा मुकाबला अमेरिकी बाजार में आने वाले फोर्ड एफ-150 जैसे पिकअप ट्रक से था. टेस्ला साइबरट्रक अमेरिका, मेक्सिको, कनाडा, यूएई, कतर, साउथ कोरिया और सऊदी अरब में बिकता है.
शुरुआत में इसे काफी लोगों ने पसंद किया और इंटरनेट पर इसकी खूब चर्चा हुई. लेकिन जल्द ही इसकी सेल्स नीचे जाने लगीं. इसकी वजह साइबरट्रक का पोलराइजिंग और एजी एक्सटीरियर और स्टेनलेस स्टील से बना होना भी है. स्टेनलेस स्टील एलॉय और एक्सटीरियर की वजह से साइबरट्रक यूरोप में सेफ्टी रेगुलेशन्स को क्लियर नहीं कर पाया.
इसकी वजह से ये एक बड़े मार्केट तक पहुंच ही नहीं पाया. इसके अलावा साइबरट्रक जब लॉन्च हुआ था, तब इसकी कीमत कॉन्सेप्ट दिखाने के वक्त किए गए वादे से कहीं ज्यादा थी. अब तक साइबरट्रक की सिर्फ 63 हजार यूनिट्स ही बिक पाई हैं. जबकि एलॉन मस्क ने अंदाजा लगाया था कि लॉन्च होने के पहले साल में ही ट्रक की 2.5 लाख यूनिट्स बिक जाएंगी.
एलॉन मस्क ने बताया है साइबरट्रक का प्रोडक्शन बंद होने के बाद टेक्सास गीगाफैक्टरी में साइबरकैब के प्रोडक्शन के लिए ज्यादा जगह होगी. साइबरकैब टेस्ला की ऑटोनोमस इलेक्ट्रिक टैक्सी है, जो बटरफ्लाई जैसे दरवाजों के साथ आएगी. साइबरट्रक का प्रोडक्शन बंद होने के बाद सिर्फ मॉडल 3 और मॉडल वाई ही टेस्ला के ग्लोबल पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो में बच जाएंगी.


