Ramayana Actress Emotional Post: एक ऑडिशन ने बदली जिंदगी, 'रामायण' में मांडवी बनकर भावुक हुईं रिया कपूर, बोलीं- जय श्री राम
कहते हैं किस्मत कब पलट जाए, कोई नहीं जानता. कभी एक छोटा सा ऑडिशन जिंदगी का सबसे बड़ा मौका बन जाता है. कुछ ऐसा ही हुआ एक्ट्रेस रिया कपूर के साथ, जो रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' में मांडवी का किरदार निभा रही हैं. इस फिल्म का हिस्सा बनना रिया के लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं है. एक्ट्रेस ने एक वीडियो शेयर कर अपने दिल की बात कही है और बताया है कि कैसे एक ऑडिशन ने उनकी जिंदगी बदल दी.
रिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए बताया कि जब कोई एक्टर ऑडिशन देने जाता है, तो उसके मन में कई उम्मीदें होती हैं. कभी वह बिना किसी उम्मीद के भी अपना बेस्ट देने जाता है. काम करके बाकी सब भगवान पर छोड़ देता है. रिया के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक साधारण सा ऑडिशन उन्हें इतनी बड़ी और खास फिल्म का हिस्सा बना देगा.
रिया ने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ सपने दिल में चुपचाप जन्म लेते हैं. उन्हें पूरा करने के लिए कई कोशिशें, दुआएं, मेहनत और भरोसा चाहिए होता है. कभी-कभी मंजिल बहुत दूर नजर आती है, लेकिन फिर जिंदगी अचानक ऐसा मोड़ लेती है कि सपने हकीकत बन जाते हैं.
एक्ट्रेस के मुताबिक, एक साधारण ऑडिशन से 'रामायण' जैसी भव्य और खूबसूरत फिल्म का हिस्सा बनने तक का सफर उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है. इस मौके ने उनकी जिंदगी बदल दी है. लोगों से मिल रहा प्यार और तारीफ उनके दिल को छू रही है. खासकर उन लोगों का प्यार, जिन्हें वह जानती तक नहीं हैं, लेकिन जिन्होंने उन्हें मैसेज करके अपना आभार जताया.
रिया ने कहा कि हर मुस्कान, हर कामयाबी और हर नई शुरुआत के पीछे कई ऐसी दुआएं, संघर्ष और कुर्बानियां होती हैं, जिनके बारे में दुनिया को पता तक नहीं चलता. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उनके सफर की बस शुरुआत है और आगे भी जिंदगी उन्हें ऐसे ही खूबसूरत मौके देती रहेगी.
एक्ट्रेस ने लिखा कि कुछ पल सिर्फ कामयाबी नहीं होते, बल्कि ऐसे आशीर्वाद होते हैं जिन्हें इंसान जिंदगीभर अपने दिल में संभालकर रखता है. उन्होंने अपने इस सफर को एक छोटा सा सपना, बड़ा आशीर्वाद और जिंदगीभर की शुक्रगुजारी बताया.
रिया ने 'रामायण' के मेकर्स का भी दिल से आभार जताया. उन्होंने फिल्म के विजनरी निर्माता नमित मल्होत्रा को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने इतने बड़े स्तर पर 'रामायण' बनाने का सपना देखा और उन्हें इस महाकाव्य का हिस्सा बनने का मौका दिया.
वहीं, निर्देशक नितेश तिवारी के लिए रिया ने लिखा कि उन्होंने उन पर भरोसा किया और उन्हें मांडवी बनाया. साथ ही सेट पर बहुत कुछ सिखाया. कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का भी उन्होंने शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने हमेशा उन्हें अच्छे मौके दिए, उन पर विश्वास जताया और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित किया.
आखिर में रिया ने 'जय श्री राम' लिखकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं. जाहिर है, 'रामायण' का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि ऐसा मौका है जिसे वह जिंदगीभर याद रखने वाली हैं.

