राइट्स पर विवाद के बीच OTT पर आ रही 'हनुमान अंश', धनतेरस पर मेकर्स का बड़ा ऐलान
नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म हनुमान अंश अब OTT पर रिलीज होने के लिए तैयार है. सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने दुनियाभर में 452.86 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. 60 दिनों तक थिएटर में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद ये फिल्म अब 27 नवंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी.
फिल्म हनुमान अंश की ओटीटी रिलीज तब अनाउंस हुई, जब मेकर्स के बीच इसके राइट्स को लेकर बवाल मचा हुआ है. कई सारे प्रोड्यूसर्स होने के कारण इसके प्रॉफिट पर तनातनी हो रही है. फिल्म के राइट्स और उससे जुड़े बिजनेस को कौन संभाल सकता है, इसको लेकर सवाल उठने के बाद फिल्म की टीम के दो सदस्यों ने एक आधिकारिक पब्लिक नोटिस जारी किया.
नम्रता जी सिंह और फिल्म के डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने स्वंभू मीडिया नेटवर्क के जरिए एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया है. इसमें उन्होंने फिल्म के राइट्स, डिस्ट्रीब्यूशन की प्रक्रिया और कम्युनिकेशन से जुड़ी जानकारी दी है. दोनों ने खुद को कंपनी का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी बताया है. साथ ही ये साफ किया है कि फिल्म की पब्लिसिटी, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप से जुड़े काम कौन संभालेगा.
सोमवार 2 नवंबर को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस स्टेटमेंट की शुरुआत इस लाइन से होती है- हनुमान अंश के लिए सिर्फ एक अधिकृत चैनल है. कंपनी को पता चला है कि एक व्यक्ति खुद को फिल्म के राइट्स से जुड़े मामलों को संभालने के लिए अधिकृत बता रहा है. जबकि किसी भी व्यक्ति के पास अकेले ऐसा अधिकार नहीं है.
इसमें आगे बताया गया है कि फिल्म के थिएट्रिकल, स्ट्रीमिंग, ब्रॉडकास्ट, म्यूजिक, गेमिंग और लाइसेंसिंग राइट्स भारत और विदेशों में प्रोड्यूसर्स के बीच हुए समझौतों के मुताबिक ही संभाले जाएंगे.
नम्रता और विशाल को कंपनी की तरफ से पब्लिक रिलेशंस, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप से जुड़े कामों की जिम्मेदारी दी गई है. स्टेटमेंट में कहा गया है- कोई भी व्यक्ति अकेले फिल्म से जुड़ी डील करने का अधिकार नहीं रखता. इस तरह की कोई भी डील अमान्य होगी और कंपनी या प्रोड्यूसर्स पर लागू नहीं होगी. इस प्रक्रिया से बाहर किया गया कोई भी बयान, अवॉर्ड से जुड़ा दावा या बिजनेस अरेंजमेंट कंपनी की तरफ से मान्य नहीं होगा.
मेकर्स ने फिल्म की कास्ट और क्रू से भी कहा है कि फिल्म के बारे में कुछ भी बोलने या किसी इंटरव्यू, पॉडकास्ट, पब्लिक इवेंट और प्रमोशनल कार्यक्रम में फिल्म को रिप्रेजेंट करने से पहले आधिकारिक कम्युनिकेशन टीम से बात करें. स्टेटमेंट के आखिर में ये भी साफ किया गया है कि फिल्म के क्रेडिट्स में वही नाम रहेंगे, जो आधिकारिक तौर पर दिए गए हैं.
इसके अलावा डिस्ट्रीब्यूटर्स, इंटरनेशनल सेल्स एजेंट्स, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और इंडस्ट्री से जुड़े दूसरे पार्टनर्स से कहा गया है कि फिल्म से जुड़े किसी भी बिजनेस के लिए वे सिर्फ अधिकृत लोगों से ही संपर्क करें. हालांकि, नोट में ये भी बताया गया है कि फिल्म के चार प्रोड्यूसर्स हैं. इनमें नम्रता जी सिंह, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना और अनुप्रिया नगर शामिल हैं. फिल्म के राइट्स इन चारों के पास संयुक्त रूप से हैं.
इस विवाद के दौरान फिल्म की 21 साल की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नगर प्रमोशन के दौरान काफी चर्चा में रही हैं. इससे पहले उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि जब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में थी, तब वो इस प्रोजेक्ट से जुड़ी थीं. उन्होंने ये भी बताया था कि हनुमान अंश की कहानी को ट्रिलॉजी यानी तीन फिल्मों की सीरीज में बदलने की संभावना है. उनका कहना था कि फिल्म की दूसरी किस्त के लिए पूरी टीम दोबारा साथ आ सकती है.


