गाजियाबाद: वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर जोरदार ब्लास्ट... शीशे टूटे, दीवार में भी दरार
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद की एक पुलिस स्टेशन में धमाके की खबर सामने आई है. इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ. धमाका इतना तेज था कि पुलिस चौकी के दो शीशे टूट गए और एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई.
ये हादसा रात करीब 9 बजे हुआ. हादसे के वक्त वसुंधरा पुलिस चौकी के एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी ब्वॉय मौके पर मौजूद थे. डिलीवरी ब्वॉय वहां कोई सामान देने पहुंचा था. धमाके के कारण कांच के शीशे टूटकर चारों तरफ बिखर गए, जिसकी चपेट में आने से डिलीवरी ब्वॉय घायल हो गया.
धमाका किस वजह से हुआ, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत और सैंपल जमा करके जांच के लिए भेज दिए हैं.
मामले की जानकारी देते हुए इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि धमाका किस चीज से हुआ, ये जांच के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और स्थिति नियंत्रण में है.


