पुलिस का गलत इस्तेमाल कर रही कर्नाटक सरकार? मंत्री प्रियांक खड़गे ने दी सफाई

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
कर्नाटक में पुलिस के कथित दुरुपयोग को लेकर सियासत तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री पर पुलिस का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. इस पर कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रहकर...

कर्नाटक में पुलिस के कथित दुरुपयोग को लेकर सियासत तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री पर पुलिस का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. इस पर कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रहकर काम कर रही है. अगर कुमारस्वामी के खिलाफ एक भी सबूत मिलता है तो उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा.

स्टिंग ऑपरेशन विवाद पर कुमारस्वामी के इस बयान पर कि कोई उन्हें छू नहीं सकता, प्रियंक खड़गे ने कहा कि कोई उन्हें छूना भी नहीं चाहता. उन्होंने याद दिलाया कि पहले कुमारस्वामी खुद पुलिस अधिकारियों के दफ्तर जाकर चुनौती दे चुके हैं कि उन्हें छूकर दिखाया जाए.

खड़गे ने कहा कि अगर कुमारस्वामी के खिलाफ कोई सबूत नहीं है तो उन्हें बुलाने की जरूरत क्यों होगी. लेकिन अगर उनके खिलाफ एक भी सबूत मिलता है तो पुलिस उन्हें समन करने से पीछे नहीं हटेगी. गृह मंत्री होने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें कानून से ऊपर कोई ताकत मिल गई है. 'कर्नाटक पुलिस ने प्रज्वल रेवन्ना केस में अच्छा काम किया'

सरकार पर पुलिस के इस्तेमाल के आरोपों पर खड़गे ने प्रज्वल रेवन्ना केस का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि इस मामले में कर्नाटक पुलिस के काम की केंद्र सरकार ने तारीफ की है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उन्हें इसके लिए मेडल दिया है. उन्होंने कुमारस्वामी से थोड़ा धैर्य रखने को कहा और दावा किया कि पुलिस अपनी क्षमता दिखाएगी. खड़गे ने कहा कि अगर कुमारस्वामी के पास कोई अतिरिक्त सबूत है तो वह शिकायत दें. पुलिस उसकी भी जांच करेगी.

KPSC घोटाले में कांग्रेस नेताओं को फंसाने की कोशिश के आरोपों पर खड़गे ने कहा कि उन्होंने अपने ट्वीट में सिर्फ इतना कहा था कि एक केंद्रीय मंत्री प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जरिए कांग्रेस नेताओं और उन्हें इस मामले में झूठा फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने यह नहीं कहा था कि कुमारस्वामी ऐसा कर रहे हैं.

खड़गे ने कुमारस्वामी से कहा कि अगर उनके पास कोई सबूत है तो जांच एजेंसी को दें. उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और कोई भी उन्हें नाम लेकर आरोपित कर सकता है या उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर सकता है.

कर्नाटक राजोत्सव के दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर कुमारस्वामी के सवाल का जवाब देते हुए खड़गे ने कहा कि छुट्टी के दिन भी गलत गतिविधियां हो सकती हैं, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि उस दिन कोई बात नहीं की जा सकती. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जांच को प्रभावित करने वाली जानकारी सार्वजनिक नहीं करेगी.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/news/story/karnataka-police-misuse-priyank-kharge-hd-kumaraswamy-response-ntc-mnrd-smsr-2686644-2026-11-02?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World