अमेरिकी संसद में गूंजा भारतीय पायलट का नाम, स्मित मछार को मिला खास सम्मान
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी अब अमेरिकी कांग्रेस तक पहुंच गई है. अमेरिकी कांग्रेस के एक सांसद ने उनके सम्मान में एक प्रस्ताव पेश किया है. इसमें उस फ्लाइट के क्रू और यात्रियों का भी जिक्र है, जिन्होंने आतंकी हमले को नाकाम करने में मदद की. इस बीच स्मित मछार की सेहत को लेकर भी राहत की खबर है. भारतीय दूतावास के मुताबिक उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है.
इस प्रस्ताव की सबसे खास बात यह है कि इसमें स्मित मछार का नाम शामिल किया गया है. अमेरिकी कांग्रेस के किसी प्रस्ताव में किसी व्यक्ति का नाम आना रेयर माना जाता है और इसे बड़ी बात माना जाता है. प्रस्ताव में सिर्फ स्मित मछार ही नहीं, बल्कि फ्लाइट के क्रू और यात्रियों के योगदान को भी सम्मान दिया गया है. इन सभी ने मिलकर उस आतंकी हमले को नाकाम करने में भूमिका निभाई थी.
मामला 30 सितंबर का है. फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी. विमान में करीब 174 यात्री सवार थे. उड़ान के बीच फर्स्ट ऑफिसर ने कॉकपिट में स्मित मछार पर विमान की इमरजेंसी क्रैश एक्स से हमला किया. इसके बाद उसने विमान का कंट्रोल लेने की कोशिश की.
हमले में कैप्टन मछार गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बावजूद उन्होंने हमलावर का सामना किया. उन्होंने अपनी बची ताकत से कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. इसके बाद ऑफ-ड्यूटी पायलट कॉकपिट में पहुंचे. क्रू और यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू किया.
इस दौरान विमान तेजी से नीचे आया था. प्रस्ताव में कहा गया है कि फ्लाइट ने 30 सेकंड से भी कम समय में 14 हजार फीट से ज्यादा ऊंचाई खो दी थी. बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया.
यह खबर शुरुआती सूचनाओं के साथ प्रकाशित की गई है. जल्द नए अपडेट्स जोड़े जाएंगे.