न कातिल का सुराग, न कत्ल की वजह साफ... अभी तक उलझी है लुधियाना में पूर्व सरपंच की मर्डर मिस्ट्री
लुधियाना में लाधोवाल बाईपास के पास मन्नेवाल गांव के पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शनिवार देर शाम कुछ अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने 57 वर्षीय नवजीत सिंह नीतू को निशाना बनाया. वारदात उस वक्त हुई, जब नवजीत सिंह अपनी टोयोटा इनोवा कार से घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि वह अकेले कार चला रहे थे और कृष्णा नगर स्थित अपने घर जा रहे थे. हालांकि अभी तक इस मामले में कातिलों का कोई सुराग नहीं मिला है.
जानकारी के मुताबिक, नवजीत सिंह नीतू रोज की तरह मन्नेवाल गांव में अपनी जमीन देखने गए थे. देर शाम वह वहां से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान लाधोवाल बाईपास के पास बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमलावरों ने कई गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. इस पूरी वारदात का वीडियो उनकी कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया.
पुलिस ने नवजीत सिंह की कार और उसमें लगे डैशकैम को कब्जे में ले लिया है. पुलिस अब डैशकैम की रिकॉर्डिंग के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नीतू को करीब 10 गोलियां लगी थीं. गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. पुलिस के मुताबिक, उन्हें कई गोलियां लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि नवजीत सिंह उस समय अकेले यात्रा कर रहे थे, तभी कुछ बाइक सवारों ने उन पर फायरिंग की. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करने के बाद इस मामले में FIR दर्ज की जाएगी. पुलिस आसपास के इलाके में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि हमलावरों के आने और भागने का रास्ता पता चल सके.
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, हत्या की असली वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पूर्व सरपंच नवजीत सिंह नीतू की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. फिलहाल पुलिस डैशकैम फुटेज, परिवार के बयानों और दूसरे उपलब्ध सुरागों के आधार पर अज्ञात हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.
