ICC Rankings: मिचेल स्टार्क का नंबर-1 टेस्ट बॉलर के सिंहासन पर फिर कब्जा, श्रेयस अय्यर ने भी लगाई छलांग
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बुधवार (4 नवंबर) को जारी ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में एक बार फिर बादशाहत हासिल कर ली है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट में 9 विकेट लेने का उन्हें बड़ा फायदा मिला. स्टार्क एक स्थान की छलांग लगाकर पहले नंबर पर पहुंच गए और उन्होंने साउथ अफ्रीका के मार्को जानसेन को पीछे छोड़ दिया.
स्टार्क ने पहली बार अगस्त में नंबर-1 का स्थान हासिल किया था. उस समय उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ा था. हालांकि, गकेबरहा में दूसरे टेस्ट में 6 विकेट लेने के बाद जानसेन टॉप पर पहुंच गए थे. लेकिन केपटाउन टेस्ट में जानसेन सिर्फ 3 विकेट ले सके, जबकि स्टार्क ने 9 विकेट झटके. इसके साथ ही स्टार्क ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बॉलिंग रेटिंग भी हासिल कर ली.
Just a week after losing the summit, Australia’s star pacer roars back to the top of the ICC Men’s Test Bowler Rankings 🔥 https://t.co/f3gkfvMynY
टेस्ट रैंकिंग में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों का फायदा टेस्ट गेंदबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में साउथ अफ्रीका के दो और खिलाड़ी शामिल हैं. ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर ने केपटाउन टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर टीम को जीत और सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई. इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला और वह 9 स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए. उन्होंने अपने साथी कगिसो रबाडा को भी पीछे छोड़ दिया.
हालांकि, जानसेन गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान से खिसक गए, लेकिन टेस्ट ऑलराउंडर्स की सूची में उनकी बादशाहत और मजबूत हुई है. तीसरे टेस्ट में अर्धशतक लगाने के बाद उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की. वियान मुल्डर एक स्थान ऊपर तीसरे और हार्मर तीन स्थान की छलांग लगाकर पांचवें नंबर पर पहुंच गए.
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों ने सुधार किया. एडेन मार्करम एक स्थान ऊपर 11वें, मुल्डर सात स्थान की छलांग लगाकर 17वें और रयान रिकेल्टन 25 स्थान ऊपर चढ़कर 23वें नंबर पर पहुंच गए. रिकेल्टन ने भी करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की.
ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन तीन स्थान ऊपर चढ़कर एलेक्स कैरी के साथ संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गए. कैरी ने भी दो स्थान का सुधार किया. वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज की जीत के बाद जस्टिन ग्रीव्स 12 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 38वें नंबर पर पहुंच गए. यह उनकी करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है. वेस्टइंडीज ने मीरपुर टेस्ट में 8 विकेट से जीत दर्ज की थी. इस प्रदर्शन के बाद जोमेल वारिकन टेस्ट गेंदबाजों में 6 स्थान ऊपर 30वें और रोस्टन चेज टेस्ट ऑलराउंडर्स में 8 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 23वें नंबर पर पहुंच गए.
वनडे रैंकिंग में पाकिस्तानी गेंदबाजों का जलवा पाकिस्तान में हाल ही में खत्म हुई वनडे ट्राई सीरीज का असर ICC रैंकिंग में भी दिखाई दिया. मेजबान पाकिस्तान के कप्तान शाहीन आफरीदी एक स्थान ऊपर चढ़कर वनडे गेंदबाजों में पांचवें नंबर पर पहुंच गए. वहीं, हारिस रऊफ ने पांच स्थान की छलांग लगाकर 24वां स्थान हासिल किया.
वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में फखर जमां 9 स्थान ऊपर चढ़कर 37वें नंबर पर पहुंच गए. इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट एक स्थान ऊपर छठे और श्रीलंका के पवन रत्नायके 20 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 16वें नंबर पर पहुंच गए.
टी20 रैंकिंग में श्रेयस अय्यर का फायदा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में भी कई खिलाड़ियों ने सुधार किया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर को बल्लेबाजों की रैंकिंग में फायदा मिला. वह दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए.
न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स टी20 बल्लेबाजों में 13 स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर पहुंचे. वहीं, मिचेल सेंटनर गेंदबाजों की रैंकिंग में दो स्थान ऊपर पांचवें और जैकब डफी 23 स्थान की छलांग लगाकर 23वें नंबर पर पहुंच गए.
टी20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई ने भी तीन स्थान का सुधार किया. जिम्बाब्वे के खिलाफ UAE में हालिया सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज प्रदर्शन के दम पर वह तीसरे नंबर पर पहुंच गए.