Gulab-Pista Shrikhand Recipe: दिवाली पर मीठे में 2 कप दही से बनाएं गुलाब-पिस्ता श्रीखंड, खाने वाले पूछेंगे रेसिपी!
Gulab-Pista Shrikhand Recipe: त्योहारों के मौके पर घर में कुछ मीठा ना हो ऐसा कैसे हो सकता है, दिवाली से लेकर भाई दूज तक एक दूसरे को मिठाइयां बांटने का सिलसिला चलता है. अगर आपको भी मीठा खाना अच्छा लगता है और इस बार हलवा और खीर नहीं बनाकर खाना चाहते हैं तो गुजरात का फेमस श्रीखंड बना सकते हैं.
नॉर्मल श्रीखंड तो आपने खूब खाया होगा, लेकिन इस बार दिवाली के मौके पर गुलाब-पिस्ता से भरपूर श्रीखंड बनाकर देखिए. यह बहुत टेस्टी और मलाईदार लगता है और इसको खाने के बाद आप कोई दूसरी स्वीट डिश को चखना नहीं चाहेंगे. गुलाब की खुशबू और पिस्ते के हल्के कुरकुरेपन से इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.
दही से बनने वाली यह मिठाई खाने में बेहद लाजवाब होती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए गैस या चूल्हे की जरूरत नहीं पड़ती. बस गाढ़े दही में चीनी, गुलाब का स्वाद और इलायची मिलाकर आप घर पर बाजार जैसा श्रीखंड तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
श्रीखंड बनाने के लिए सबसे जरूरी गाढ़ा दही होता है, इसलिए एक सूती कपड़े या मलमल में सादा दही डालें. कपड़े को बांधकर 6 से 8 घंटे के लिए लटका दें या किसी छलनी में रखकर फ्रिज में छोड़ दें. इससे दही का सारा एक्स्ट्रा पानी निकल जाएगा और आपको गाढ़ा हंग कर्ड मिल जाएगा.
अब एक बड़े बर्तन में 2 कप गाढ़ा दही लें और उसमें पिसी हुई चीनी, गुलाब सिरप और इलायची पाउडर डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह फेंटें, ताकि मिश्रण एकदम मुलायम और मलाईदार हो जाए.
अब इस मिश्रण में बारीक कटे हुए पिस्ते डालकर इन्हें हल्के हाथों से मिलाएं. पिस्ता डालने से श्रीखंड में अच्छा स्वाद और हल्का कुरकुरापन आता है.
तैयार श्रीखंड को कम से कम 30 मिनट से 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इससे इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाएगा. सर्व करने से पहले ऊपर से कटे हुए पिस्ते, केसर के धागे और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालकर गार्निश कर दें.


