प्रवेश वर्मा ने जिस शख्स को मारा थप्पड़, उस पर पहले भी FIR, बीजेपी ने बताया 'AAP का गुंडा'
PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर साहिब सिंह नाम के जिस लड़के ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है, उस पर MCD के एक सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोप लगा था और उसके खिलाफ दिल्ली के तिलक नगर पुलिस स्टेशन में FIR भी दर्ज हुई थी.
जानकारी के मुताबिक, उस वक्त मारपीट का वीडियो CCTV में कैद हुआ था. वहीं बताया जा रहा है कि इस मामले में साहिब सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी थी और वह अभी जमानत पर है.
बता दें, साहिब सिंह MLA जरनैल सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट संभालता है. यह FIR इसी साल 2 जून को दिल्ली के तिलक नगर थाने में साहिब सिंह और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई थी. पुलिस ने जांच के दौरान मौके से एक CCTV फुटेज भी हासिल की थी, जिसमें साहिब सिंह आरोपी के तौर पर MCD कर्मी से मारपीट करते दिख रहा था.
यह वीडियो सबको देखना चाहिए 👇 कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश वर्मा के परिवार के साथ बदसलूकी करने वाला “केजरीवाल का गुंडा” देखिए किस तरह से एक MCD कर्मचारी की पिटाई कर रहा है और जान से मारने की कोशिश किया, आप इसकी गुंडागर्दी की मानसिकता समझ सकते हैं ! इस मामले में केस भी दर्ज हुआ और… https://t.co/Fq9IxUGAt7 pic.twitter.com/lHn9HJ1SIl
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के परिवार के साथ बदसलूकी करने वाला 'केजरीवाल का गुंडा' देखिए, किस तरह से एक MCD कर्मचारी की पिटाई कर रहा है. इस मामले में केस भी दर्ज हुआ और गिरफ्तारी भी हो चुकी है.'
वहीं, FIR के मुताबिक शिकायतकर्ता धन बहादुर, निवासी WZ-23, बेरीवाला बाग, हरि नगर, दिल्ली, ने पुलिस को बताया कि वह MCD में अस्थायी कर्मचारी है. 2 जून 2026 को उसकी ड्यूटी कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नंबर DL 1LY8111 पर बतौर हेल्पर लगी थी. वह ड्राइवर मुकेश के साथ वार्ड नंबर 103 में कूड़ा उठाने गया था.
करीब सुबह 11 बजे, जब गाड़ी WZ-148, कृष्णापुरी पहुंची तो एक लड़की दूसरी मंजिल से नीचे खड़ी कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में कूड़ा डाल रही थी, उसी समय एक मोटरसाइकिल वहां से आ रही थी. शिकायतकर्ता ने लड़की से मोटरसाइकिल को देखते हुए रुकने के लिए कहा. इसके बाद लड़की ने दूसरी मंजिल से कूड़ा नीचे फेंक दिया.
इसके बाद गाड़ी आगे चली गई. शिकायत के मुताबिक, उसी घर से एक लड़का अपने कुछ साथियों के साथ पीछे आया और गाड़ी रुकवा ली. आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता को गाड़ी से नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट की और उसे 2-3 गली आगे तक ले गए, जहां वह बेहोश हो गया.
होश आने पर शिकायतकर्ता ने खुद को डीडीयू अस्पताल में पाया. उसने बताया कि आरोपियों में से एक लड़के का नाम करन है, जबकि बाकी आरोपियों को वह सामने आने पर पहचान सकता है. शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.
शिकायत मिलने के बाद SI मनजीत सिंह, थाना तिलक नगर के निर्देश पर HC रवि कांत को मौके पर भेजा गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. मौके पर कोई प्रत्यक्ष शिकायतकर्ता नहीं मिला. शिकायतकर्ता की गाड़ी को PCR के माध्यम से DDU अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली.
DDU अस्पताल में शिकायतकर्ता धन बहादुर का MLC नंबर M18001552609454/26 दर्ज किया गया. MLC में चोट का कारण “Physical Assault/Beaten by Public Near Krishna Park Nagar” दर्ज है. डॉक्टर ने इलाज के बाद उसे RML अस्पताल रेफर किया.
शिकायतकर्ता के बयान और उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना तिलक नगर में FIR नंबर 215/2026 दर्ज की गई. FIR में धारा 115(2)/126(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मामले की जांच SI मनजीत सिंह, नंबर D-4956 को सौंपी गई है. शिकायत और FIR को CCTNS में दर्ज कर संबंधित दस्तावेज वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे जाने की कार्रवाई की गई है.


