गुजरात: जिसे मृत मानकर पति पर दर्ज हुई FIR, वो महिला 20 दिन बाद जिंदा मिली, Insta वीडियो से खुला राज
झारखंड पुलिस जिस महिला को मृत मानकर उसकी हत्या और शव छिपाने के मामले की जांच कर रही थी, वह करीब 20 दिन बाद गुजरात के सूरत में जिंदा और सुरक्षित मिली. महिला के जिंदा मिलने से हत्या के इस मामले में बड़ा मोड़ आ गया है. महिला के सूरत में होने की जानकारी उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किए गए वीडियो और मोबाइल लोकेशन से मिली. इसके बाद झारखंड पुलिस ने सूरत पुलिस से संपर्क किया और महिला को खोज निकाला.
दरअसल, मामला झारखंड के रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र का है. यहां टंडवा निवासी छट्टू गोप ने अपनी 36 वर्षीय बेटी विनी देवी उर्फ वीणा देवी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर खलारी थाना पुलिस ने महिला के पति सामु महतो, अनिकेत यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
शिकायत के मुताबिक, विनी देवी की शादी वर्ष 2010 में खलारी थाना क्षेत्र के चुरी दक्षिणी बस्ती निवासी सामु महतो से हुई थी. दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है. महिला के पिता का आरोप था कि शादी के बाद से ही उसका पति बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था. इस संबंध में 30 अगस्त 2026 को खलारी थाने में सनहा भी दर्ज कराया गया था.
पिता ने आरोप लगाया था कि 24 अगस्त को सामु महतो ने अपने साथी अनिकेत यादव के साथ मिलकर विनी की हत्या कर दी और शव को कहीं छिपा दिया. इसके बाद खलारी थाना कांड संख्या 46/2026 के तहत BNS की धारा 85, 103, 238 और 3(5) में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी और महिला की तलाश की जा रही थी.
जांच के दौरान खलारी पुलिस को महिला की इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किए गए कुछ वीडियो मिले. इनसे पुलिस को उसके सूरत में होने का सुराग मिला. इसके बाद महिला का मोबाइल चालू होने पर उसकी लोकेशन सूरत के सचिन GIDC थाना क्षेत्र में मिली.
15 सितंबर को खलारी थाने के सब-इंस्पेक्टर ने सचिन GIDC पुलिस से संपर्क किया और FIR की जानकारी देते हुए महिला को तलाशने में मदद मांगी. सूरत पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई और जांच शुरू की. पुलिस को महिला के सचिन GIDC इलाके में रहने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
सूरत पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पति और ससुराल वालों की कथित मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान थी. इसी वजह से उसने घर छोड़ने का फैसला किया और करीब 20 दिन पहले बिना किसी को बताए सूरत आ गई थी. यहां वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपना गुजारा कर रही थी.
सूरत के ACP सुनील तरड़े के मुताबिक, महिला को सुरक्षित बरामद करने के बाद झारखंड पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. बाद में महिला को रांची पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. अब झारखंड पुलिस महिला के बयान के आधार पर मामले की आगे जांच करेगी. महिला की हत्या किए जाने और शव छिपाने के आरोपों की भी जांच की जाएगी.


