इन दो सरकारी बैंकों ने बदलीं FD दरें, दे रहे 7.10% से 7.25% तक ब्याज
अगर आपने अपना पैसा बैंक एफडी (Fixed Deposit) में डाल रखा है या डालने की की सोच रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और केनरा बैंक ने नवंबर में अपनी FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है. नई दरें 1 नवंबर और 2 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं.
केनरा बैंक में अब वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम 7.25% और सामान्य ग्राहकों को 6.75% ब्याज मिल रहा है. वहीं, PNB में सामान्य ग्राहकों को अधिकतम 6.60% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.10% ब्याज दिया जा रहा है. दोनों बैंकों की ये दरें ₹3 करोड़ से कम की घरेलू FD पर लागू हैं.
केनरा बैंक में FD पर कितना मिलेगा ब्याज?
केनरा बैंक की नई ब्याज दरें 2 नवंबर 2026 से लागू हैं. बैंक ने चुनिंदा अवधि वाली FD पर ब्याज में 15 बेसिस पॉइंट (0.15%) तक की बढ़ोतरी की है. बैंक की ओर से सबसे ज्यादा ब्याज 555 दिन की स्पेशल FD पर दिया जा रहा है.
केनरा बैंक की 555 दिन की स्पेशल FD पर अब 6.75% ब्याज मिलेगा. पहले इस पर 6.60% ब्याज मिल रहा था. वहीं, 444 दिन की स्पेशल FD पर 6.65% ब्याज दिया जा रहा है.
वरिष्ठ नागरिकों को केनरा बैंक की 555 दिन की स्पेशल FD पर सबसे ज्यादा 7.25% ब्याज मिलेगा. पहले इस अवधि पर 7.10% ब्याज मिल रहा था. वहीं, 444 दिन की FD पर 7.15% ब्याज दिया जा रहा है.
इसके अलावा, केनरा बैंक पात्र वरिष्ठ नागरिकों को 180 दिन या उससे ज्यादा अवधि की घरेलू FD पर सामान्य ब्याज दर के ऊपर 0.50 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज भी देता है.
PNB में FD की नई ब्याज दरें क्या हैं?
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की नई FD दरें 1 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं. बैंक सामान्य ग्राहकों को 3% से 6.60% तक ब्याज दे रहा है. इसमें सबसे ज्यादा ब्याज 444 दिन की स्पेशल FD पर मिल रहा है.
PNB में वरिष्ठ नागरिकों को 444 दिन की स्पेशल FD पर अधिकतम 7.10% ब्याज मिल रहा है. वहीं, 666 दिन की FD पर 7% और एक साल की FD पर 6.75% ब्याज दिया जा रहा है.
बैंक 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के सुपर सीनियर सिटीजन्स को भी तय शर्तों के तहत अतिरिक्त ब्याज का फायदा देता है.
इन दोनों सरकारी बैंकों के अलावा प्राइवेट सेक्टर के प्रमुख बैंक, एक्सिस बैंक ने भी अपनी FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है. हालांकि, यह बदलाव ₹3 करोड़ या उससे ज्यादा की घरेलू बल्क FD (Bulk Fixed Deposit) के लिए किया गया है. नई दरें 3 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं. ये दरें बैंक की सामान्य रिटेल FD योजनाओं से अलग हैं.
ध्यान रखें कि FD पर मिलने वाला वास्तविक रिटर्न निवेश की अवधि, ग्राहक की श्रेणी और बैंक की लागू शर्तों पर निर्भर करता है. निवेश करने से पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर ब्याज दरों की जानकारी जरूर जांच लें.

