Clove Uses at Home: खाने के अलावा भी लौंग के हैं कमाल के इस्तेमाल, घर के इन 6 कामों में आएगी आपके बड़े काम
Clove Uses at Home: रसोई में खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए लौंग का इस्तेमाल किया जाता है, आमतौर पर लौंग का इस्तेमाल चाय, सब्जी, पुलाव और मसालेदार सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है. लौंग दिखने में भले ही छोटी दिखती है, लेकिन इसके कमाल के फायदे होते हैं. इसकी तेज और खास खुशबू खाने का स्वाद ही नहीं, बल्कि पूरे माहौल को भी महका सकती है. यही वजह है कि भारतीय घरों में लौंग का इस्तेमाल कई घरेलू तरीकों से भी किया जाता रहा है.
अगर आपके किचन में लौंग रखी है तो इसे सिर्फ मसाले के डिब्बे तक सीमित न रखें. घर की ताजगी और कुछ रोजाना के कामों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. खाना बनाने के अलावा लौंग कई तरह से इस्तेमाल की जाती है, जिसके बारे में बहुत ही कम लोग जानते हैं. आइए आपको बताते हैं कि लौंग को आप खाना बनाने के अलावा घर में किस तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं.
लौंग की खुशबू घर के कुछ हिस्सों को फ्रेश रखने में मदद कर सकती है. कुछ लौंग को पानी में उबालकर उस पानी को ठंडा करें और साफ-सफाई के दौरान इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे घर में लंबे समय तक लौंग की हल्की खुशबू भी बनी रहती है.
लौंग से होममेड नाइट क्रीम भी बनाई जाती है. इसमें मौजूद यूजेनॉल और एंटीऑक्सीडेंट गुणों की वजह से इसे त्वचा की देखभाल और एजिंग के संकेतों को कम करने में मददगार माना जाता है. हालांकि, इसे सीधे त्वचा पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें, क्योंकि लौंग कुछ लोगों की त्वचा में जलन या एलर्जी पैदा कर सकती है.
लौंग की तेज खुशबू कई तरह के कीड़े-मकोड़ों को पसंद नहीं आती. आप कुछ लौंग को कपड़े की छोटी पोटली में बांधकर किचन की अलमारी, खिड़की या ऐसी जगह रख सकते हैं जहां अक्सर कीड़े नजर आते हैं. हालांकि, इसे कीड़े खत्म करने के पक्के उपाय के तौर पर नहीं माना जाना चाहिए.
लौंग का इस्तेमाल आप घरेलू रूम फ्रेशनर की तरह भी कर सकते हैं, कुछ लौंग को पानी में उबालकर उसकी खुशबू वाले पानी को कमरे में रखा जा सकता है. इसके अलावा लौंग को संतरे या नींबू के छिलके के साथ रखने से भी घर में अच्छी खुशबू फैल जाती है.
लौंग में यूजेनॉल नाम का एक प्राकृतिक यौगिक पाया जाता है, जिसकी वजह से इसका इस्तेमाल पारंपरिक रूप से दांत की तकलीफ में किया जाता रहा है. लौंग या लौंग के तेल का इस्तेमाल दर्द वाली जगह पर करने से कुछ समय के लिए राहत महसूस हो सकती है. लेकिन तेज या लगातार दांत दर्द होने पर डेंटिस्ट से सलाह लेना जरूरी है.
कूड़ेदान के आसपास आने वाली बदबू से परेशान हैं तो एक छोटी सूती पोटली में कुछ लौंग भरकर कूड़ेदान के पास रख सकते हैं. लौंग की तेज खुशबू आसपास की गंध को कम महसूस कराने में मदद कर सकती है. पोटली को समय-समय पर बदलते रहें.

