एशियन गेम्स में बदल गई टीम इंडिया, इस प्लेयर को BCCI ने किया आउट, जानें पूरा मामला
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम में कुछ बदलाव देखने को मिले हैं. स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. वहीं ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी एशियन गेम्स में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं होंगे. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने नीतीश को एशियन गेम्स के लिए टीम से बाहर कर दिया है. नीतीश अब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल किए गए हैं.
बीसीसीआई ने बुधवार (16 सितंबर) को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दोनों बदलावों की जानकारी दी. बोर्ड ने बताया कि वरुण चक्रवर्ती साइड स्ट्रेन के कारण जापान के खिलाफ 22 सितंबर होने वाले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले और एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. उनकी जगह दिल्ली कैपिटल्स (DC) के ऑलराउंडर विप्रज निगम को टीम में शामिल किया गया है. विप्रज अब भारतीय दल के साथ जापान जाएंगे.
🚨 News 🚨#TeamIndia ODI & T20I squads announced for West Indies tour of India 2026, along with updated squad for Japan T20I & Asian Games. More Details ▶️https://t.co/Lxx3Bz8Q14 pic.twitter.com/Y9RGlQ09XK
नीतीश कुमार रेड्डी को वनडे टीम में शामिल किए जाने के पीछे उनके हालिया प्रदर्शन को वजह माना जा रहा है. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में उन्होंने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया था. दिल्ली अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए उस मैच में नीतीश ने तीन अफगानी बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया और 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड जीता. इसके एक दिन बाद ही बीसीसीआई ने उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया.
नीतीश कुमार रेड्डी ने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ दो ओडीआई मैच खेले थे. तब उन्हें दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला. हालांकि, धर्मशाला में खेले गए पहले सीरीज के ओडीआई में उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए थे.
23 वर्षीय नीतीश कुमार रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 अक्टूबर 2026 को पर्थ में ओडीआई डेब्यू किया था. अब तक वह भारत के लिए छह ओडीआई खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम पर 100 रन और दो विकेट दर्ज हैं.
वरुण चक्रवर्ती को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में गेंदबाजी के दौरान चोट लगी थी. साइड स्ट्रेन के चलते उन्हें सीरीज के बाकी दो मुकाबलों से भी बाहर कर दिया गया था. अब उनकी चोट इतनी गंभीर है कि वह जापान टी20 और एशियन गेम्स में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे.
जापान टी20I और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर और विप्रज निगम.

