Asian Games: 17 साल की कुमकुम मोहोड ने रच दिया इतिहास, रिकर्व में ऐसा करने वाली पहली महिला तीरंदाज
एशियन गेम्स 2026 में भारत की 17 साल की तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोड ने इतिहास रच दिया है. शनिवार (3 अक्टूबर) कुमकुम ने महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा (Recurve Individual) में गोल्ड मेडल जीत लिया. वह एशियन गेम्स के इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला तीरंदाज बन गई हैं.
गोल्ड मेडल मैच में कुमकुम का सामना साउथ कोरिया की ओह येजिन से था. मुकाबला 5-5 से बराबर रहने के बाद शूटआउट तक पहुंचा. यहां कुमकुम ने दबाव के बीच 10 का निशाना लगाया, जबकि ओह येजिन 8 अंक ही हासिल कर सकीं. इस तरह कुमकुम ने 6-5 से मुकाबला अपने नाम किया. फाइनल का सेट स्कोर 27-29, 29-29, 30-29, 27-28 और 30-28 रहा, जबकि शूटआउट में स्कोर 10-8 रहा.
A HISTORIC FIRST FOR INDIAN ARCHERY! 🎯🥇🇮🇳 Congratulations to Kumkum Anil Mohod on winning India's first-ever GOLD in the Recurve Women’s Individual event at #AsianGames2026! This phenomenal triumph also secures a direct ticket to the LA 2028 Olympics. #Cheer4Bharat pic.twitter.com/TVzt8TKeOU
सेमीफाइनल में भी दिखाया दम इससे पहले कुमकुम ने सेमीफाइनल में चीन की जिंगयी झू को 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. उन्होंने झू के खिलाफ 28-27, 30-30, 29-29 और 29-28 के स्कोर के साथ जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही उन्होंने कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया था और भारत के लिए 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा भी हासिल कर लिया.
कुमकुम ने सेमीफाइनल के पहले सेट में 9, 10 और 9 का स्कोर किया. दूसरे सेट में दोनों तीरंदाजों ने तीन-तीन 10 लगाए और अंक साझा किए. तीसरा सेट भी बराबर रहा, जिससे कुमकुम 4-2 से आगे थीं. आखिरी सेट में उन्होंने एक अंक की बढ़त लेकर मुकाबला जीत लिया. कुमकुम ने क्वार्टर फाइनल में मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन कांग चाएयंग को भी 6-4 से हराया था.
एक ही एशियन गेम्स में तीन मेडल कुमकुम के लिए यह एशियन गेम्स बेहद खास रहा. उन्होंने अंकिता भक्त और कीर्ति शर्मा के साथ महिलाओं की टीम रिकर्व में गोल्ड मेडल जीता था. इसके बाद शुक्रवार को धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिक्स्ड टीम में सिल्वर अपने नाम किया. इस तरह एशियन गेम्स 2026 में कुमकुम के नाम अब तीन मेडल हैं- महिलाओं की टीम रिकर्व में गोल्ड, मिक्स्ड टीम में सिल्वर और महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में गोल्ड.
महिलाओं की टीम रिकर्व का गोल्ड इस इवेंट में एशियन गेम्स में भारत का पहला गोल्ड था, जबकि मिक्स्ड टीम का सिल्वर भी इस इवेंट में भारत का पहला मेडल था. कुमकुम इस एशियन गेम्स में डेब्यू कर रही हैं और महज 17 साल की उम्र में उन्होंने रिकर्व तीरंदाजी में इतिहास अपने नाम कर लिया.


