AMU छात्रसंघ चुनाव: 8 साल बाद आए नतीजे, नशरा नईम ने उपाध्यक्ष बनकर रचा इतिहास; नोमान अध्यक्ष और हमदान सचिव बने
उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में आठ साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित छात्रसंघ चुनाव के नतीजे आ गए हैं. इतिहास विभाग के रिसर्चर नोमान अशरफ ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है, जबकि बीटेक छात्र मोहम्मद हमदान मानद सचिव चुने गए हैं.
वहीं, लॉ की छात्रा नशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद जीतकर नया इतिहास रच दिया है. 5 नवंबर को यूनिवर्सिटी कैंपस के 13 केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई थी. इसके बाद एबीके स्कूल में रात भर चली मतगणना के बाद 6 नवंबर की सुबह विजयी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया.
एएमयू छात्रसंघ चुनाव के इतिहास में यह पहला मौका है जब अध्यक्ष, उपाध्यक्ष या सचिव के मुख्य तीन पदों में से किसी एक पर महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है. कानून की छात्रा नशरा नईम और साकिब अली खान के बीच बेहद नजदीकी मुकाबला देखने को मिला. अंतिम दौर की गिनती में नशरा ने बढ़त बनाते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की. उन्होंने इसे पूरी छात्र बिरादरी की जीत बताते हुए कहा कि एक नई सोच के साथ यह शुरुआत हुई है और उम्मीद है आगे भी जारी रहेगी.
अध्यक्ष पद के चुनाव में नोमान अशरफ ने एकतरफा बढ़त बनाते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद अंतखाब को 4,121 वोटों के भारी अंतर से हरा दिया. नोमान अशरफ को कुल 7,797 वोट मिले. मतगणना के अंतिम चरण में जीत स्पष्ट होते ही समर्थकों ने आतिशबाजी और जोरदार नारेबाजी के साथ एएमयू कैंपस में जश्न मनाना शुरू कर दिया.
AMUकी आधिकारिक प्रत्याशी सूची से मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद नोमान अशरफ यूनिवर्सिटी के इतिहास विभाग में पीएच.डी. के तीसरे वर्ष के रिसर्च स्टूडेंट हैं. उन्होंने AMUSU चुनाव 2026-27 में अध्यक्ष (प्रेसीडेंट) पद के लिए चुनाव मैदान में किस्मत आजमाई और जीतने में कामयाब रहे. कैंपस राजनीति में नोमान को एक प्रखर वक्ता और छात्रों के अधिकारों के लिए मुखर होकर बोलने वाले रिसर्चर के रूप में देखा जाता है.

