ना होटल है, ना महल... किसका है 40 लाख हेक्टेयर में बना ये किलिन विला! जहां मीटिंग कर रहे ट्रंप,जिनपिंग, पुतिन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन अभी चीन के दौरे पर हैं. चीन के शेनझेन में APEC शिखर सम्मेलन में उनकी मुलाकात हुई है. इनकी मुलाकात चीन के शेनझेन शहर की एक सुनसान सरकारी झील के किनारे बने एक रिसोर्ट में हुई है. इस विला का नाम है कलिन विला. खास बात ये है कि ये ना होटल है और ना ही कोई महल. तो जानते हैं चीन के लिए ये जगह कितनी खास है और कई एकड़ में फैली ये प्रॉपर्टी किसकी है, जहां कई महाशक्तियां बैठक कर रही हैं.
एससीएमपी की रिपोर्ट के अनुसार, किलिन माउंटेन की पहाड़ी ढलानों पर बना यह फाइव स्टार गार्डन रिजॉर्ट अपनी खूबसूरती, आलीशान सुविधाओं और सुरक्षा के लिहाज से बेहद खास है. इसे मूल रूप से चीन के बड़े नेताओं की मेजबानी के लिए ही तैयार किया गया था. किलिन विला को शेन्ज़ेन सरकार ने हांगकांग के हैंडओवर के दौर में आने वाले केंद्रीय नेताओं की मेजबानी के लिए कराया था.
साल 1995 से 2000 तक शेन्ज़ेन के मेयर रहे ली जिबिन के मुताबिक, उस समय शहर के फाइव स्टार होटल अधिकतम 500 लोगों के बैंक्वेट की व्यवस्था कर सकते थे. इसके अलावा वहां सुविधाओं और सुरक्षा का स्तर भी जरूरत के मुताबिक नहीं था. उस वक्त अगर हांगकांग हैंडओवर के दौरान केंद्र सरकार के नेता 1,000 लोगों के लिए बैंक्वेट आयोजित करना चाहते, तो शेन्ज़ेन के मौजूदा होटल ऐसा करने में सक्षम नहीं थे. इसी जरूरत को देखते हुए ज़िली झील के पास किलिन विला तैयार किया गया. इसका संचालन जून 1997 में हांगकांग हैंडओवर से ठीक पहले शुरू हुआ था.
किलिन विला की खासियत सिर्फ इसका नाम या यहां आने वाले मेहमान नहीं हैं. यह करीब 3.8 लाख वर्ग मीटर में फैला हुआ है. इसमें पांच मुख्य विला हैं, जिन्हें अलग-अलग देशों की वास्तुकला की शैली में बनाया गया है. इनमें फ्रेंच, इटैलियन, स्पैनिश, हवाईयन और कॉन्टिनेंटल अमेरिकन शैली शामिल हैं. इसके अलावा यहां एक अलग वीआईपी गेस्ट हाउस बिल्डिंग भी मौजूद है.
इन इमारतों के आसपास बड़े सफारी पार्क और गोल्फ कोर्स का इलाका है. रिजॉर्ट के परिसर में 230 से ज्यादा तरह के पेड़ और फूल हैं. यानी यह जगह किसी सामान्य होटल की तरह सिर्फ कमरों और बैंक्वेट हॉल तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े प्राकृतिक परिसर में फैला एक गार्डन रिजॉर्ट है.
दुनिया के बड़े नेताओं की मुलाकात के लिए किसी जगह का चुनाव करते समय सुरक्षा सबसे अहम पहलुओं में से एक होती है. किलिन विला इस लिहाज से भी खास है. इसके आसपास प्राकृतिक बफर मौजूद हैं और यहां आने-जाने के रास्ते भी सीमित हैं. ऐसे में पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित करना आसान हो जाता है.
किलिन विला का चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के परिवार से भी एक पुराना जुड़ाव रहा है. कम्युनिस्ट पार्टी के इतिहासकारों की ओर से लिखी गई और 2013 में प्रकाशित 'बायोग्राफी ऑफ शी झोंगक्सुन' के मुताबिक, शी जिनपिंग के पिता शी झोंगक्सुन कैंसर का पता चलने के बाद 2001 में अक्सर इस विला में आया करते थे.

