3000 करोड़ की कमाई, बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म 'धुरंधर’... फिर भी ऑस्कर की रेस से क्यों बाहर? ये है वजह
हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म की बात करें, तो उसमें धुरंधर का नाम सबसे ऊपर आता है. इस फिल्म के दोनों पार्ट्स ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कलेक्शन किया था. दुनियाभर में अपना डंका बजाने वाली ये फिल्म 3000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा कमा गई थी, जो आजतक किसी भी इंडियन फिल्म ने नहीं किया.
धुरंधर की सबसे खास बात ऑडियंस को इसकी एंगेजिंग स्टोरीटेलिंग और प्रेजेंटेशन लगी. डायरेक्टर आदित्य धर ने सिनेमाघरों में एक शानदार सिनेमा एक्सपीरियंस दिलाया था, जिसकी तुलना अब किसी से नहीं की जा रही है. हालांकि इतनी बड़ी फिल्म होने के बावजूद, धुरंधर भारत की तरफ से ऑस्कर की रेस में नहीं जा सकी.
क्यों ऑस्कर के लिए धुरंधर को नहीं भेजा?
शुक्रवार को 99वें अकैडमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) के लिए मराठी फिल्म गोंधला को भारत की ऑफिशियल एंट्री चुना गया. ये साल 2025 में आई थी, जो क्रिटिकली काफी सराही गई. मगर अकैडमी अवॉर्ड्स के लिए फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इसी फिल्म को क्यों चुना? जबकि उनके पास धुरंधर जैसा ऑप्शन मौजूद था, जिसने दुनियाभर में कमाल कर गई थी.
तो इसका जवाब भी फेडरेशन के एक जूरी मेंबर ने दिया. NDTV संग बातचीत में जूरी मेंबर विवेक वासवानी ने बताया कि 14 मेंबर की जूरी में धुरंधर को मात्र 4 वोट्स मिले थे. साथ ही ये फिल्म उनके मुताबिक 'ऑस्कर मटीरियल' नहीं थी, जो वहां भेजी जा सके.
उनका कहना है- कुछ लोगों को ये फिल्म पसंद आई, लेकिन हमें नहीं लगा कि ये ऑस्कर के लायक है. भारत की ऑफिशियल एंट्री चुनते समय जूरी जिस तरह की भारतीय संस्कृति को फिल्म में देखना चाहती थी, धुरंधर उस तरह से भारतीय संस्कृति को पेश नहीं करती थी. जब विवेक से पूछा गया कि 14 जूरी मेंबर्स में से कितने लोगों ने धुरंधर के पक्ष में वोट किया, तो उन्होंने जवाब में सिर्फ 4 मेंबर ही बताए.
क्या मराठी फिल्म दिलाएगी भारत को ऑस्कर?
ऑस्कर के लिए गोंधल की सेलेक्शन भी कैसे हुई, इसकी जानकारी भी सामने आई है. कुछ रिपोर्ट्स की मानी जाए, तो गोंधल इंडियन सिनेमा की 33 चुनिंदा फिल्मों में से चुनी गई थी. इनमें 14 हिंदी, 4 मराठी, 4 तेलुगु, 3 गुजराती, 3 तमिल, 1 मलयालम, 1 नेपाली और 1 नागालैंड की फिल्म शामिल थी. जूरी की आखिरी पसंद में गोंधल, अंघ और मैं वापस आऊंगा- ये तीन फिल्में थी.
अंत में उन्होंने मराठी फिल्म 2027 के ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री के तौर पर चुना. महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस इस बात से बेहद खुश भी हैं. उन्हें गर्व है कि मराठी सिनेमा की तरफ से आई एक छोटी सी फिल्म भारत को दुनिया के सामने पेश करेगी. अब सवाल ये है कि क्या गोंधल सालों बाद भारत को ऑस्कर दिला पाएगी?

