लड़की ने दोस्ती तोड़ी, मां को कहे अपशब्द... युवक ने पिता को ही अगवा कर लिया, 3 गिरफ्तार

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
सूरत में दोस्ती टूटने के विवाद ने ऐसा रूप लिया कि एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवती के पिता का कथित तौर पर अपहरण कर लिया. आरोप है कि तीनों पिस्तौल और चाकू लेकर युवती के घर पहुंचे और उसके पिता को धमकाकर जबरन कार में बैठा लिया. पुलिस ने कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हु...

सूरत में दोस्ती टूटने के विवाद ने ऐसा रूप लिया कि एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवती के पिता का कथित तौर पर अपहरण कर लिया. आरोप है कि तीनों पिस्तौल और चाकू लेकर युवती के घर पहुंचे और उसके पिता को धमकाकर जबरन कार में बैठा लिया. पुलिस ने कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर व्यापारी को सुरक्षित बरामद कर लिया.

घटना 1 अक्टूबर की रात करीब 10:40 बजे अलथान थाना क्षेत्र के भीमराड-कैनाल रोड इलाके की है. पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक व्यक्ति को पिस्तौल और चाकू दिखाकर जबरन कार में ले गए हैं. सूचना मिलते ही 112 की टीम ने अलथान पुलिस को अलर्ट किया. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की.

जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन सिटी लाइट इलाके में मिली. पुलिस ने घेराबंदी कर बिल्डर के बेटे ऋषभ नाहटा समेत तीन लोगों को पकड़ लिया. उनके कब्जे से व्यापारी को भी सुरक्षित बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल कार, एक पिस्तौल, चाकू और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

शुरुआती जांच के मुताबिक, ऋषभ नाहटा और व्यापारी की बेटी के बीच करीब एक साल से दोस्ती थी. कुछ समय बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी. आरोप है कि उसने ऋषभ की मां को फोन पर अपशब्द कहे और इसके बाद दोनों के बीच संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया. इसी बात को लेकर ऋषभ नाराज था.

आरोप है कि 1 अक्टूबर की रात ऋषभ अपने दो साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा. उस समय युवती घर पर मौजूद नहीं थी. ऋषभ ने उसके पिता से बेटी से बात कराने की मांग की. इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने व्यापारी को पिस्तौल और चाकू दिखाकर धमकाया और जबरन कार में बैठा लिया.

शिकायत के मुताबिक, व्यापारी को कार में ले जाते समय चाकू से हमला करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई. पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी ऋषभ ने घटना की वजह को लेकर अपना अलग पक्ष बताया है. उसका कहना है कि युवती ने उसकी मां को फोन पर गाली दी थी और वह उससे माफी मंगवाने के लिए उसके घर गया था.

ऋषभ के मुताबिक, युवती घर पर नहीं मिली, इसलिए उसने उसके पिता से बेटी से बात कराने के लिए कहा. इसके बाद विवाद बढ़ गया. हालांकि, पुलिस आरोपी के इस दावे की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि व्यापारी को अगवा करने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी.

इस मामले में ऋषभ नाहटा के साथ उसके दो साथी देव केतन आहिर और लक्ष्मण राठौड़ को भी गिरफ्तार किया गया है. देव अडाजण का रहने वाला है और ऋषभ का दोस्त बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल उसी के पास थी. वहीं लक्ष्मण राठौड़ उमरागाम का निवासी है और बिल्डर के ऑफिस में काम करता है.

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी मारपीट, एक्सीडेंट और शराब से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. अलथान थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 41.40 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है. इसमें करीब 40 लाख रुपये कीमत की बिल्डर मुकेश नाहटा की कार, एक पिस्तौल, एक चाकू और करीब 1.40 लाख रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन शामिल हैं.

सूरत पुलिस के एसीपी जेड. आर. देसाई ने आजतक को बताया कि 1 अक्टूबर की रात 10:40 बजे एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिली थी. कॉल मिलते ही PCR टीम ने अलथान पुलिस को जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगालकर उस दिशा में जांच शुरू की, जिधर कार गई थी.

एसीपी के मुताबिक, अपहरण में शामिल व्यक्ति का मोबाइल फोन चालू था, इसलिए उसकी लोकेशन भी ट्रैक की गई. करीब 20-25 मिनट बाद उधना-मगदल्ला रोड पर लोकेशन मिली. पुलिस ने वहां छापा मारा तो SMC प्लॉट में कार के साथ पीड़ित और आरोपी मिल गए. इसके बाद व्यापारी को सुरक्षित बरामद कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्राथमिक जानकारी सामने आई कि मुख्य आरोपी ऋषभ नाहटा की महिला मित्र आशिका ने उसकी मां से अभद्र भाषा में बात की थी. उसी से माफी मंगवाने के लिए उसके पिता को अगवा किए जाने की बात सामने आई है. तीनों की योजना पीड़ित को शहर से बाहर ले जाने की थी, लेकिन पुलिस को समय रहते सूचना मिल गई और कार्रवाई कर दी गई.

एसीपी जेड. आर. देसाई ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक गाड़ी, एक चाकू और बंदूक जैसा हथियार बरामद हुआ है. हथियार असली है या नहीं और उसका प्रकार व मॉडल क्या है, इसकी जांच के लिए उसे FSL भेजा गया है.

पुलिस ने तीनों आरोपियों की रिमांड ली है. पीड़ित की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. मामले की जांच अलथान थाना प्रभारी SHO श्री जामरे कर रहे हैं. पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि अपहरण की योजना पहले से तैयार थी या विवाद के दौरान अचानक व्यापारी को जबरन ले जाने का फैसला हुआ.

फिलहाल पुलिस ऋषभ नाहटा, देव आहिर और लक्ष्मण राठौड़ से पूछताछ कर रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचा और क्या इस घटना में इन तीनों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/gujarat/story/surat-girl-friendship-dispute-father-kidnapped-pistol-knife-lclcn-strc-2660273-2026-10-03?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World