अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को शादी, कई एकड़ में बनेगा पंडाल; घुड़दौड़ से लेकर विदेशी फूलों तक की तैयारी
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है. उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को तय हुई है. शिवांगी की शादी पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होगी. शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं. अनंत सिंह खुद गांव पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं.
शादी का आयोजन अनंत सिंह के पैतृक इलाके नदवां में होना है. इसके लिए कई एकड़ जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल की सजावट के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से विशेष कलाकारों को बुलाया गया है. सजावट में विदेश से फूल मंगाए जाने की भी तैयारी है.
शादी समारोह को भव्य बनाने के लिए कई तरह के कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है. इनमें घुड़दौड़ भी शामिल है. इसके लिए बिहार के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़े मंगाए जा रहे हैं. घुड़दौड़ के लिए मैदान भी तैयार किया जा रहा है.
कार्यक्रम में भोजपुरी, मगही और बंबइया कलाकारों के स्टेज शो होने की बात कही जा रही है. अभिनेता सोनू सूद के भी शादी के दिन लदमा गांव पहुंचने का दावा किया गया है. हालांकि, उनकी मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार से हो रही है. वे पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले हैं. उनके पिता का नाम रणविजय सिंह बताया गया है. ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA किया है और फिलहाल वहीं नौकरी करते हैं.
25 नवंबर को ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी होना है. इस वजह से परिवार में शादी के साथ एक और पारिवारिक आयोजन की तैयारी चल रही है.
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने हाल ही में देवी-देवताओं को शादी का निमंत्रण अर्पित किया था. उधर, अनंत सिंह गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
अनंत सिंह और उनके समर्थकों में शादी को लेकर उत्साह बना हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर को आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है. ऐसे में 25 नवंबर को होने वाली बेटी की शादी से पहले परिवार समारोह की तैयारियों में जुटा है.

