अमेरिका में एक साथ सभी फ्लाइट्स पर ब्रेक, 22 ATC केंद्रों में तकनीकी खराबी बनी वजह
अमेरिका में शुक्रवार दोपहर को देश भर में सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया.क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) केंद्रों में कम्युनिकेशन से जुड़े गंभीर तकनीकी खराबी आने के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सभी उड़ानों को ग्राउंड स्टॉप कर दिया.
FAA ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि ये ग्राउंड स्टॉप असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से लगाया गया है. इस आदेश के बाद अमेरिका के तमाम एयरपोर्ट्स पर विमानों की आवाजाही रुक गई और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने बताया कि ये संचार समस्या देश भर के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को प्रभावित कर रही है. ये केंद्र कई एयरपोर्ट्स के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को दिशा-निर्देश देते हैं.
डफी ने कहा कि FAA के तकनीशियन खराबी की वजह पता लगाने के लिए जांच में जुटे हुए हैं.
अमरीकी उड्डयन इतिहास में इस तरह सभी फ्लाइट्स का ग्राउंडेड हो जाना, एक रेयर केस है. जनवरी 2023 के बाद ये पहली बार है जब पूरे देश में सभी उड़ानों को एक साथ रोका गया है. उस समय FAA के एक मेन कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण ये कदम उठाना पड़ा था.
इससे पहले, 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों के बाद पूरे अमेरिका में हवाई यातायात को पूरी तरह रोका गया था. फिलहाल, यात्री और एयरलाइंस प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं.
बता दें कि अमेरिकी सरकार एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के इस्तेमाल की जाने वाली पुरानी तकनीक को पूरी तरह बदलने पर काम कर रही है. पिछले साल अमेरिकी कांग्रेस ने इस प्रोजेक्ट के लिए 12.5 अरब डॉलर की मंजूरी दी थी. इस फंड से मीलों लंबे पुराने तांबे के तारों को फाइबर ऑप्टिक लाइनों से बदला गया है और देश भर के एयरपोर्ट्स पर पुराने रेडियो सिस्टम को धीरे-धीरे बदला जा रहा है.
हालांकि, अभी भी काफी काम बाकी है. परिवहन सचिव सीन डफी ने कहा है कि इस आधुनिकीकरण कार्य को पूरा करने के लिए 30 अरब डॉलर की और जरूरत होगी. इसके लिए व्हाइट हाउस ने कांग्रेस से मंजूरी दिलाने की कवायद भी शुरू कर दी है.

