बाइक एक्सीडेंट में हुई मौत! मुर्दाघर में उठा शख्स, बोला - सिगरेट दे दो
किसी सड़क हादसे में एक शख्स की मौत हो जाए और उसे अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए मुर्दाघर पहुंचा दिया जाए. लेकिन कुछ घंटे बाद वही शख्स अचानक जिंदा उठकर खड़ा हो जाए और सबसे पहले सिगरेट मांगने लगे! सुनने में किसी फिल्म की कहानी जैसा लगने वाला यह मामला नाइजीरिया से सामने आया है. यहां एक बाइक हादसे के बाद मृत समझे गए शख्स के मुर्दाघर में जिंदा हो जाने का दावा किया जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि होश में आते ही उसने मेडिकल मदद के बजाय सिगरेट और लाइटर मांगा.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें शख्स के चेहरे और शरीर पर सफेद पाउडर लगा दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि यह शवों को दफनाने से पहले तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पाउडर है. आसपास काफी लोग जमा हैं और शख्स को जिंदा देखकर हैरानी जता रहे हैं.
मुर्दाघर में आंख खुली तो मांगी सिगरेट डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना नाइजीरिया के डेल्टा राज्य में इव्व्रेनी के पास की बताई जा रही है. दावा है कि एक शख्स का बाइक से भयानक एक्सीडेंट हुआ था. हादसे के बाद उसे मृत समझ लिया गया और शुक्रवार रात मुर्दाघर पहुंचा दिया गया.
लेकिन कुछ ही घंटों बाद वहां कुछ ऐसा हुआ, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. बताया जा रहा है कि शख्स को होश आ गया और वह उठकर खड़ा हो गया. इसके बाद जब आसपास के लोगों ने उसे देखा तो हर कोई हैरान रह गया.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शख्स के चेहरे पर सफेद पाउडर लगा है. उसके हाथ में सिगरेट दिखाई दे रही है. वीडियो में कुछ लोगों की आवाजें सुनाई देती हैं, जो दावा कर रहे हैं कि शख्स ने उठते ही सिगरेट और लाइटर मांगा था.
हालांकि, वहां मौजूद एक व्यक्ति उसे तुरंत मेडिकल जांच कराने की सलाह देता सुनाई देता है. आखिरकार, इतने बड़े हादसे के बाद उसकी सेहत की जांच जरूरी थी.
जिंदा लौटने की खुशी में लोगों ने बांटा खास नाश्ता शख्स के जिंदा मिलने की खबर फैलते ही इलाके में खुशी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे थे. उसकी जिंदगी बचने की खुशी में लोगों ने नाइजीरिया का मशहूर स्नैक 'पफ-पफ' भी बांटा.
यह नाइजीरिया का एक पॉपुलर फ्राइड फूड है. यह आटे और दूसरी चीजों से तैयार किया जाता है. सोशल मीडिया पर कई लोग इस घटना को चमत्कार बता रहे हैं, तो कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर बिना सही मेडिकल जांच के किसी को मृत कैसे घोषित कर दिया गया?
एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि शख्स मौत के मुंह से लौटने के बाद भी सिगरेट पी रहा है. वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा - भगवान का शुक्र है कि लोगों ने उसे तुरंत दफन नहीं कर दिया. एक अन्य यूजर ने इसे हैरान करने वाली घटना बताते हुए लिखा कि जब सबको लगता है कि सब खत्म हो गया, तब भी जिंदगी एक नया मोड़ ले सकती है.
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला इस वायरल वीडियो पर एक यूजर ने दावा किया कि उसके इलाके में भी करीब 2011-12 में ऐसा ही मामला हुआ था. उसने बताया कि उस समय एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया था. लेकिन जब उसे कब्रिस्तान ले जाया गया, तो वह अचानक जिंदा हो गया.
यूजर के मुताबिक, इस घटना के बाद उस व्यक्ति का नाम ही 'टू लाइफ' पड़ गया था. हालांकि, वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्स की पहचान अभी सामने नहीं आई है. उसकी मौजूदा सेहत को लेकर भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है. स्थानीय अधिकारियों की ओर से भी इस घटना पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: सैलरी-चार करोड़, रोज सिर्फ इतने घंटे उड़ाना होता है प्लेन... वायरल हुई पायलट की सैलरी स्लिप
यह भी साफ नहीं है कि हादसे के बाद उसे किस आधार पर मृत घोषित किया गया था और क्या उसकी मेडिकल जांच हुई थी. बाइक हादसे और मुर्दाघर में उसके कथित तौर पर होश में आने का कोई वीडियो भी सामने नहीं आया है. ऐसे में फिलहाल इस घटना से जुड़ी कई बातें सिर्फ सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों पर आधारित हैं.

