सिर्फ मां नहीं बच्चा होने के बाद पुरुष के भी बदलने लगते हैं हार्मोन, एक-तिहाई तक घट जाता है टेस्टोस्टेरोन
आमतौर पर माना जाता है कि बच्चे के जन्म के बाद मां के शरीर में बदलाव होते हैं और कई हार्मोन का लेवल कम या ज्यादा होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पिता बनने के बाद पुरुष के शरीर और दिमाग में भी कई बदलाव होते हैं? यहां तक कि उसके हार्मोन का लेवल भी बदलने लगता है. एक रिसर्च के मुताबिक, पिता बनने के आसपास पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन का लेवल करीब एक-तिहाई तक कम हो सकता है. इसका असर उसके व्यवहार पर भी पड़ सकता है.
पिता बनने पर क्यों घटता है टेस्टोस्टेरोन?
टेस्टोस्टेरोन को पुरुषों का प्रमुख हार्मोन माना जाता है. यह पुरुषों के शारीरिक विकास से लेकर यौन इच्छा पर असर करता है, लेकिन पिता बनने के बाद इस हार्मोन का लेवल कम होने लगता है, Father network scotland की रिपोर्ट के मुताबिक, पिता बनने के आसपास पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन का लेवल करीब एक-तिहाई तक कम हो सकता है, लेकिन टेस्टोस्टेरोन में यह कमी पुरुषों को परिवार और बच्चे की देखभाल पर ज्यादा ध्यान देने में मदद कर सकती है.
पिता और बच्चे के बीच कैसे बनता है भावनात्मक रिश्ता?
बच्चे के जन्म के बाद सिर्फ मां ही नहीं, पिता के शरीर में भी ऑक्सीटोसिन हार्मोन का लेवल बढ़ सकता है.यह हार्मोन माता-पिता और बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव बनाने में अहम भूमिका निभाता है. जब पिता बच्चे को गोद में लेते हैं, उसे छूते हैं या उसके साथ स्किन-टू-स्किन कॉन्टैक्ट करते हैं, तो ऑक्सीटोसिन रिलीज होने में मदद मिलती है,इससे पिता को मानसिक तनाव कम करने में मदद मिलती है.
पिता बनने के बाद पुरुष के दिमाग में भी बदलाव देखे गए हैं. रिसर्च में पाया गया है कि दिमाग के कुछ हिस्सों में ग्रे और व्हाइट मैटर में बदलाव हो सकता है. हालांकि शुरुआती महीनों में पिता को बच्चे के साथ भावनात्मक रिश्ता बनाने में समय लग सकता है. लेकिन जैसे-जैसे बच्चा थोड़ा बड़ा होता है और अपने पिता को पहचानने लगता है, उनको देखकर मुस्कुराता है और उसके साथ खेलता है, दोनों के बीच जुड़ाव बढ़ता जाता है.
यह भी पढ़ें: कम उम्र में हार्ट अटैक, महिलाओं में प्रेग्नेंसी डिले... क्या कोविड है वजह? डॉक्टरों ने बताया सच


