Gold Silver Crash: सोना क्रैश... 10 महीने में 70 हजार रुपये हुआ सस्ता, चांदी अब 1 किलो सिर्फ ₹1.46 लाख में
सोना अचानक इतना सस्ता गया है कि विश्वास नहीं हो रहा. लेकिन ये सच है. सोने-चांदी के भाव लगातार गिरते जा रहे हैं, शुक्रवार को भी भारतीय बाजार में सोने-चांदी के भाव क्रैश हो गए. हालांकि भारत में शादियों का सीजन भी शुरू हो गया है, और ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए ये एक बड़ी राहत की खबर है.
दरअसल, शुक्रवार को वैश्विक संकेतों और अमेरिकी फेड के सख्त रुख से सोना-चांदी पस्त पड़ता जा रहा है. चांदी 10 हजार रुपये से ज्यादा सस्ती होकर 1,46,868 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई. चांदी में 7 फीसदी की बड़ी गिरावट देखी जा रही है. चंद हफ्ते पहले किसी ने उम्मीद नहीं की होगी कि चांदी 1.50 लाख रुपये से नीचे फिसल जाएगी. जबकि जनवरी में चांदी का भाव बढ़कर 4.21 लाख रुपये किलो तक पहुंच गया था. जहां 2.75 लाख रुपये किलो सस्ती हो चुकी है.
सोने का भी बुरा हाल है. सोने में 5 फीसदी की तगड़ी गिरावट दर्ज की गई है. 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का भाव फिसलकर 1.21 लाख रुपये तक पहुंच गया है. आज-आज में सोना 6 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है. इसी साल जनवरी में सोने का भाव उछलकर प्रति 10 ग्राम 1.91 लाख रुपये तक पहुंच गया था. जहां से करीब 70 हजार रुपये सस्ता हो चुका है.
बता दें, खराब विदेशी संकतों से शुक्रवार को बाजार खुलते ही MCX पर कीमती धातुओं में भारी बिकवाली का दौर देखने को मिला, जिससे निवेशकों और सर्राफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी की कीमतों में 7 फीसदी (करीब 10000 रुपये) की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.
वहीं, दिसंबर वायदा सोना भी करीब 5% यानी लगभग 6,000 रुपये टूटकर 1,21,719 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक लुढ़क गया. साल 2026 की शुरुआत में अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद किसी ने भी यह उम्मीद नहीं की थी कि सोना और चांदी इतनी तेजी से नीचे आ जाएंगे.
अमेरिका दे सकता है झटका दरअसल अमेरिका में महंगाई दर उम्मीद से अधिक बनी रहने के कारण फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने फिर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं. फिलाडेल्फिया फेड की अध्यक्ष अन्ना पॉलसन के हालिया बयान के बाद बाजार अब दिसंबर की बैठक में 25 आधार अंकों (0.25%) की ब्याज दर वृद्धि की लगभग 97% संभावना मानकर चल रहा है. जबकि कुछ एक्सपर्ट्स 50 बेसिस प्वाइंट बढ़ोतरी की भी बात कर रहे हैं.
डॉलर में जबरदस्त मजबूती इसके अलावा ब्याज दरों में सख्ती की उम्मीद के चलते अमेरिकी डॉलर सूचकांक 19 महीनों के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गया है. डॉलर के मजबूत होने से अन्य मुद्राओं वाले खरीदारों के लिए सोना-चांदी खरीदना महंगा हो जाता है, जिससे वैश्विक मांग पर सीधा दबाव पड़ा है. इस बीच खासकर AI से जुड़े शेयरों में आई गिरावट के कारण कई बड़े संस्थागत निवेशकों को अपने घाटे की भरपाई और मार्जिन पूरा करने के लिए सोने-चांदी की पोजीशन बेचनी पड़ी है.
चांदी की औद्योगिक मांग में सुस्ती चांदी न केवल एक कीमती धातु है, बल्कि इसका बड़ा हिस्सा इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रीन एनर्जी जैसे उद्योगों में भी इस्तेमाल होता है. वैश्विक आर्थिक सुस्ती और सख्त मौद्रिक नीतियों की आशंका से चांदी की औद्योगिक मांग कमजोर पड़ने का डर है, जिसके चलते सोने के मुकाबले चांदी में कहीं अधिक तेज गिरावट आई है.
आगे क्या करें निवेशक? बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि दिसंबर में होने वाली अमेरिकी फेड की बैठक तक सोने और चांदी में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. हालांकि, केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार की जा रही सोने की खरीदारी और भू-राजनीतिक तनाव निचले स्तरों पर इन धातुओं को कुछ सहारा दे सकते हैं. ऐसे में खुदरा निवेशकों को घबराहट में बिकवाली करने के बजाय बाजार के स्थिर होने का इंतजार करना चाहिए. और अगर लंबी अवधि के लिए खरीदारी करनी हो, तो एकमुश्त पैसा लगाने के बजाय किस्तों में निवेश करने की रणनीति अपनानी चाहिए.