Exclusive: नाम- बदनाम, पता- तिहाड़, काम- मारने का... नसीम दुर्रानी ने इंस्टा पर जमा रखा था भौकाल, मारा गया एनकाउंटर में
नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारा गया 'डी कंपनी' का गैंगस्टर नसीम दुर्रानी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भौकाल बना रहा था. नसीम दुर्रानी का यूपी के बुलंदशहर में एनकाउंटर हुआ. इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई. पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में वांटेड गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को कई गोली लगी लगीं. उसे पुलिस की टीम अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
नसीम अपने सोशल मीडिया अकाउंट से लोगों में खौफ बनाए रखता था. उसने इंस्टाग्राम प्रोफाइल के बायो में लिखा था. नाम- बदनाम एड्रेस- तिहाड़ जेल उम्र- जीने की काम- मारने का.
पुलिस के अनुसार नसीम लगातार फरार रहता था. इसी दौरान नोएडा STF को और दिल्ली पुलिस को नसीम की मूवमेंट की जानकारी सिकंदरा बाईपास की मिली थी. सीसीटीवी में नसीम स्कूटी पर जाता हुआ दिखाई दिया था. नसीम को गिरफ्तार करने जब नोएडा STF को और दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची तो नसीम पुलिस को पीछे मुड़ कर देख रहा था और तेज रफ्तार से स्कूटी भगा रहा था.
इस दौरान नसीम की स्कूटी फिसल कर गई और गिर गई. नसीम के पास 32 बोर की 2 पिस्टल थी जिससे वो पुलिस पर फायरिंग करने लगा. पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें उसे कई गोलियां लगी. मौके से पुलिस ने नसीम की 2 पिस्टल बरामद की है.
एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का सबसे ताजा कांड 16 नवंबर को था. नसीम दुर्रानी ने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर 16 नवंबर को समीर नाम के शख्स की हत्या कर दी थी. नसीम ने उसे 15 से 16 गोलियां मारी थी.
नसीम दुर्रानी अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में रह चुका था. छोटा शकील ने 2016-17 में तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन को मारने की सुपारी नसीम दुर्रानी को दी थी. इसके अलावा इस शख्स पर पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप था.
दिल्ली पुलिस के अनुसार नसीम कई नामों से जाना जाता था. उसे नसीम उर्फ रिजवान भी कहा जाता था. नसीम न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर का रहने वाला था. उसकी उम्र 37 साल थी.
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आरोपी नसीम एक आदतन और खतरनाक अपराधी है, जो अपने साथियों और गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में सक्रिय था. वह हत्या, हथियारों के बल पर लूट, अवैध रूप से हथियार रखना, चोरी और पुलिस अधिकारियों पर हमला करने जैसे कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है. गोकुलपुरी थाना की FIR नंबर 173/2014 के मामले में उस पर आरोप है कि उसने पुलिस हिरासत से एक आरोपी को भगाने में मदद की और इस दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया और पुलिस दल पर पत्थर और ईंटें फेंकी.
इसके अलावा वह गोकुलपुरी थाना की FIR नंबर 289/2010 (हत्या का मामला) में भी शामिल था. साथ ही, खजूरी खास, जाफराबाद, दयालपुर और अन्य थानों में भी उसके खिलाफ 'आर्म्स एक्ट' (हथियार कानून) और अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं. गंभीर अपराधों में उसकी बार-बार भागीदारी यह दर्शाती है कि उसका एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और दिल्ली में संगठित अपराधों से उसके संबंध हैं.
नसीम उर्फ रिज़वान के बारे में पहले भी यह बात सामने आ चुकी है कि वह डी-कंपनी से जुड़ा हुआ है. उसे पाकिस्तानी-कनाडाई पत्रकार तारेक फतह को दी गई धमकियों से जुड़े एक मामले में भी गिरफ्तार किया गया था.
