'कंपनी को आप में क्या चाहिए?' CIEL HR के CEO ने बताया फ्रेशर्स रिज्यूम में क्या न लिखें

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
जॉब मार्केट में आज नौकरियों की कमी है या सही स्किल्स वाले उम्मीदवारों की? आजतक मास्टरक्लास के 'कंपनी को आप में क्या चाहिए?' सत्र में CIEL HR के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आदित्य नारायण मिश्रा ने इस सवाल का सीधा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि बाजार में नौकरियां मौजूद हैं और रोजाना नई ...

जॉब मार्केट में आज नौकरियों की कमी है या सही स्किल्स वाले उम्मीदवारों की? आजतक मास्टरक्लास के 'कंपनी को आप में क्या चाहिए?' सत्र में CIEL HR के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आदित्य नारायण मिश्रा ने इस सवाल का सीधा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि बाजार में नौकरियां मौजूद हैं और रोजाना नई भूमिकाएं सामने आती हैं, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती यह है कि कंपनियां जो कौशल ढूंढ रही हैं, वे कई उम्मीदवारों के पास नहीं मिल पाते.

सत्र के दौरान उन्होंने अपने करियर के अनुभवों से लेकर मौजूदा हायरिंग ट्रेंड्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के असर और युवाओं की अपेक्षाओं तक हर पहलू पर विस्तार से बात की.

क्यों बढ़ रहा है डिमांड और सप्लाई का गैप?

आदित्य नारायण मिश्रा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में स्क्रीनिंग इंटरव्यू के दौरान अक्सर यह सामने आता है कि उम्मीदवार के पास वे जरूरी स्किल्स नहीं हैं, जिनकी कंपनी को तलाश है. इसके अलावा, युवाओं की अपेक्षाओं और कंपनियों द्वारा दी जाने वाली कार्य परिस्थितियों के बीच भी अंतर दिखता है.

उन्होंने कहा कि कई युवा केवल एयर-कंडीशंड ऑफिस माहौल चाहते हैं और फील्ड सेल्स, मैन्युफैक्चरिंग या कंस्ट्रक्शन जैसे क्षेत्रों में काम करने से बचते हैं. उनके मुताबिक, व्यक्तिगत पसंद गलत नहीं है, लेकिन अगर बड़े स्तर पर लोग इन क्षेत्रों से दूर रहेंगे तो डिमांड और सप्लाई का गैप बना रहेगा, जबकि बुनियादी उद्योगों के बिना अर्थव्यवस्था और उत्पाद कैसे आगे बढ़ेंगे.

अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे कैंपस से इंजीनियर ट्रेनी के रूप में चुने गए और L&T में सात साल तक काम किया. सेल्स, क्वालिटी, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग के विभिन्न पहलुओं से मिले अनुभव ने उनकी तार्किक सोच और समस्या सुलझाने की क्षमता को मजबूत किया.

1999 में ह्यूमन कैपिटल क्षेत्र में कदम रखने के फैसले को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय दोस्तों को यह जोखिम भरा लगा था, लेकिन इंजीनियरिंग के अनुभव ने उन्हें हल्दिया पेट्रोकेमिकल जैसी परियोजनाओं के लिए तकनीकी भूमिकाओं की सटीक स्क्रीनिंग करने में मदद की. उन्होंने कहा कि काम के दौरान मिलने वाले अनुभवों को जोड़कर ('कनेक्टिंग द डॉट्स') सीखने की आदत ही आगे बढ़ने में काम आती है.

सोशल मीडिया पर HR को लेकर बनने वाले मीम्स जैसे 'आई विल गेट बैक टू यू' कहने के बाद जवाब न आना या भर्ती के तनाव पर आदित्य नारायण मिश्रा ने बेबाकी से बात की. उन्होंने माना कि 'गेट बैक' कहकर संपर्क न करने की स्थिति वास्तविक जीवन में भी होती है, लेकिन उन्होंने अपनी कंपनी में पेशेवर ईमानदारी पर जोर दिया कि जो कहा जाए, उसे निभाया जाए.

HR टीम के कामकाज पर उन्होंने कहा कि उन पर दोनों तरफ से दबाव रहता है, मैनेजमेंट चाहता है कि लागत कम हो, उत्पादकता बढ़े और प्रतिभा टिकी रहे, जबकि कर्मचारी बेहतर वेतन और कम दबाव चाहते हैं. इन दोनों के बीच संतुलन बनाना HR के लिए बड़ी चुनौती होता है.

जॉब मार्केट से जुड़ी गलतफहमियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह सबसे बड़ा मिथक है कि AI आते ही सब खत्म हो जाएगा और भविष्य अंधकारमय है. औद्योगिक क्रांति, इंटरनेट और कोविड जैसे दौर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ नए काम और नई भूमिकाएं भी पैदा होती हैं.

उनके मुताबिक, आज एआई इंजीनियर, मशीन लर्निंग स्पेशलिस्ट और AI टूल्स के साथ काम करने वाले नए जॉब टाइटल्स सामने आए हैं. बदलाव से डरने के बजाय खुद को ढालना और नए कौशल सीखना ही रास्ता है.

फ्रेशर्स क्या 'अनलर्न' करें और रिज्यूम में क्या न लिखें?

कॉलेज से निकलने वाले फ्रेशर्स को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई में सिलेबस के भीतर से सवाल आते हैं, लेकिन असली जिंदगी में तय स्क्रिप्ट से बाहर की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है इसलिए फ्रेशर्स को यह 'अनलर्न' करना होगा कि हर समस्या का जवाब पहले से तय पैटर्न में मिलेगा.

रिज्यूम के सबसे बड़े 'रेड फ्लैग' पर उन्होंने साफ कहा कि बायोडाटा में गलत या बढ़ा-चढ़ाकर लिखी गई जानकारी तुरंत पकड़ में आती है और भरोसे को तोड़ती है. वहीं, शिक्षा और अनुभव के अलावा किसी भी उम्मीदवार को रोजगार के योग्य बनाने वाले तीन बड़े गुणों में उन्होंने जिज्ञासा, असली समस्या की पहचान कर उसे हल करने की क्षमता और निरंतर सीखने के रवैये को सबसे अहम बताया.

Original Source
https://www.aajtak.in/education/career/story/aajtak-masterclass-aditya-narayan-mishra-job-market-ai-myths-freshers-edmm-dskc-2701402-2026-11-20?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in Business