इंडोनेशिया के बाली में बनी 50 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
इंडोनेशिया के बाली में भगवान गणेश की एक विशाल प्रतिमा बनाई गई है. 50 फीट से ज्यादा ऊंची इस प्रतिमा ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बनाई है. खास बात यह है कि इसे पत्थर, मेटल या सीमेंट से नहीं, बल्कि सिंथेटिक रैटन से तैयार किया गया है.
इस प्रतिमा की ऊंचाई 15.315 मीटर यानी करीब 50 फीट 2 इंच है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे दुनिया की सबसे ऊंची सपोर्टेड सिंथेटिक रैटन प्रतिमा के तौर पर मान्यता दी है. इसे बाली की कंपनी अलास हारुम बाली ने तैयार किया है.
यह विशाल प्रतिमा इंडोनेशिया के बाली प्रांत के जियान्यार में स्थापित की गई है. इसमें भगवान गणेश को दिखाया गया है. हिंदू धर्म में गणेश को बुद्धि, सफलता, सौभाग्य और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है.
भारत में इंडोनेशिया के दूतावास ने भी इस प्रतिमा की तस्वीरें और जानकारी फेसबुक पर शेयर की हैं. दूतावास ने बताया कि बाली में इस प्रतिमा का अनावरण किया गया है.
Bali makes history with a GIANT 50 foot Bhagwan Ganesh sculpture This stunning masterpiece in Indonesia has set a new Guinness Book world record A proud moment as the glory of Bhagwan Ganesh and Sanatan Sanskriti shines on the global stage https://t.co/xiKqCmuFkK
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडोनेशिया ने भी इस उपलब्धि की पुष्टि की है. हालांकि, यह रिकॉर्ड दुनिया की सबसे ऊंची गणेश प्रतिमा का नहीं है. यह सिंथेटिक रैटन से बनी सबसे ऊंची सपोर्टेड प्रतिमा का रिकॉर्ड है.
मालूम हो, इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम बहुल देश है. यहां इस्लाम सबसे प्रमुख धर्म है. लेकिन देश की संस्कृति और इतिहास पर हिंदू और बौद्ध परंपराओं का भी गहरा प्रभाव रहा है. हालांकि इंडोनेशिया का बाली प्रांत खास तौर पर हिंदू संस्कृति के लिए जाना जाता है. यहां बड़ी संख्या में लोग हिंदू धर्म का पालन करते हैं. हिंदू रीति-रिवाज यहां के रोजमर्रा के जीवन और संस्कृति का हिस्सा हैं.
बाली में कई प्रसिद्ध हिंदू मंदिर हैं. इनमें पुरा बेसाकिह को 'मदर टेंपल' यानी प्रमुख मंदिर माना जाता है. वहीं, समुद्र किनारे बना तनाह लोट मंदिर भी काफी प्रसिद्ध है.
बाली की संस्कृति में रामायण और महाभारत की कहानियों की भी खास जगह है. यहां पारंपरिक नृत्य और थिएटर के जरिए इन महाकाव्यों की कहानियां दिखाई जाती हैं. केचक डांस बाली का प्रसिद्ध पारंपरिक नृत्य है. इसमें रामायण के कई प्रसंगों को दिखाया जाता है. इनमें सीता हरण और रावण के खिलाफ युद्ध जैसे दृश्य शामिल हैं.
रामायण और महाभारत का असर बाली की चित्रकला, मूर्तिकला और कहानी सुनाने की परंपराओं में भी नजर आता है. ऐसे में जियान्यार में बनी भगवान गणेश की यह विशाल प्रतिमा बाली की हिंदू विरासत में एक और पहचान जोड़ती है. अपनी खास बनावट और ऊंचाई के कारण यह अब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो गई है.

