अमृतपाल सिंह की दादी का अंतिम संस्कार कल, 12 बजे पैरोल पर पहुंचेंगे; परिवार ने सरकार को जमा कराए 19 लाख
खालिस्तान समर्थक और सांसद अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर को किया जाएगा. अंतिम संस्कार गांव में नहीं, बल्कि परिवार की निजी जमीन पर होगा. परिवार ने संगत से अपील की है कि वे गांव पहुंचने के बजाय सीधे अंतिम संस्कार स्थल पर आएं.
परिवार के मुताबिक, अमृतपाल सिंह भी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पैरोल पर पहुंचेंगे. उन्हें दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की पैरोल मिली है. इसके लिए परिवार ने सरकार को 19 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा कराई है.
अमृतपाल सिंह के चाचा सुखचैन सिंह ने बताया कि माता जी का अंतिम संस्कार परिवार की निजी जमीन पर किया जाएगा. इसके लिए जगह तैयार कर ली गई है. संगत के पहुंचने को देखते हुए पार्किंग, लंगर, चाय और पानी की व्यवस्था की गई है. सेवादार अपनी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं और प्रशासन भी सहयोग कर रहा है.
परिवार ने संगत से विशेष अपील की है कि वे गांव में भीड़ जुटाने के बजाय सीधे अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचें, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें.
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पहले 10 लाख रुपये सरकारी खाते में जमा कराए गए थे. इसके बाद हरजीत सिंह से संबंधित खर्च के 6 लाख 64 हजार रुपये और सुखमनजीत से संबंधित खर्च के 2 लाख 63 हजार रुपये भी जमा कराए गए. इस तरह सरकार को जमा कराई गई कुल राशि 19 लाख 27 हजार रुपये हो गई है.
अमृतपाल सिंह को पंजाब लाने के लिए पंजाब पुलिस की एक टीम डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची है. जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 2:40 बजे डिब्रूगढ़ से दिल्ली के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान निर्धारित थी. उन्हें पहले दिल्ली और फिर वहां से अमृतसर ले जाने की योजना बताई गई है.
परिवार के अनुसार, अमृतपाल सिंह शनिवार दोपहर 12 बजे तक पहुंचेंगे. इस संबंध में अंतिम यात्रा कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
परिवार ने अदालत से अनुरोध किया था कि अमृतपाल सिंह को शोक से लेकर भोग तक की रस्मों में शामिल होने का अवसर दिया जाए. परिवार के मुताबिक, अदालत ने कुछ रस्मों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होने की अनुमति दी है. इसके अलावा एक दिन के लिए तीन घंटे की पैरोल भी मंजूर की गई है.
अमृतपाल सिंह 23 अप्रैल 2023 से डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं. उनकी 84 वर्षीय दादी माता चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था. इसके बाद अमृतसर की अदालत ने उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 21 नवंबर को पंजाब जाने की अनुमति दी. परिवार अब अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा है.

