चंद्रपुर में 10 फीट के अजगर को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला, दो युवक गिरफ्तार, शराब के नशे में थे आरोपी
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में वन्यजीवों के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है. बाबूपेठ इलाके में शराब के नशे में धुत दो युवकों ने 10 फीट लंबे अजगर को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला. घायल अजगर को हाथों में पकड़कर घसीटने का वीडियो भी सामने आया है. वन विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर Wildlife Protection Act के तहत मामला दर्ज किया है.
महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर में दो युवकों ने एक विशाल अजगर के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं. आरोप है कि शराब के नशे में धुत दोनों युवकों ने करीब 10 फीट लंबे अजगर पर लाठियों से हमला कर दिया. उन्होंने अजगर को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर अधमरा हो गया. इसके बाद भी दोनों युवक नहीं रुके और घायल अजगर को हाथों में पकड़कर घूमते रहे. इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों युवक अजगर को बेरहमी से घसीटते दिखाई दे रहे हैं.
यह घटना चंद्रपुर शहर के बाबूपेठ परिसर स्थित शारदा चौक की बताई जा रही है. वीडियो में एक युवक अजगर का मुंह पकड़े दिखाई देता है, जबकि दूसरा उसकी पूंछ पकड़कर उसे घसीट रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने अजगर को काठी यानी डंडे से बुरी तरह पीटा था. हमले में अजगर गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई. वन्यजीव के साथ इस तरह की क्रूरता का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले की जानकारी वन विभाग तक पहुंचाई गई. देखें वीडियो-
घटना की जानकारी स्थानीय नागरिकों ने वन्यजीव संरक्षण के लिए काम करने वाली हैबिटेट कंजर्वेशन सोसायटी के सदस्यों को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग ने कार्रवाई शुरू की और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. गंभीर रूप से घायल अजगर को मूल मार्ग स्थित वन्यजीव उपचार केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि कर दी. अजगर को बचाने की कोशि
चंद्रपुर वन विभाग ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत केस दर्ज किया है. चंद्रपुर के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर जीआर नायगमकर ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में Wildlife Protection Act के तहत कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में सात साल तक की सजा का प्रावधान बताया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक की पहचान सूरज राठौड़ के रूप में हुई है, जबकि दूसरे आरोपी का नाम वाघमारे बताया जा रहा है. फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है.
इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्रति इंसानी व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अजगर जैसे जीव भी पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन में अहम भूमिका निभाते हैं. किसी वन्यजीव को मनोरंजन, डराने या नशे की हालत में प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है. ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि बेजुबान जीवों के साथ होने वाली क्रूरता पर रोक लगाई जा सके.